For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

मोदी पीएम नहीं 21वीं सदी के राजा हैं - राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री नहीं बल्कि 21वीं सदी के राजा हैं।

12:07 AM Feb 06, 2022 IST | Shera Rajput

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री नहीं बल्कि 21वीं सदी के राजा हैं।

मोदी पीएम नहीं 21वीं सदी के राजा हैं   राहुल गांधी
हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी) : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री नहीं बल्कि 21वीं सदी के राजा हैं। मोदी सरकार ने किसानों और कोविडकाल में आम जनता के लिए दरवाजे बंद कर दिए। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में नरेंद्र मोदी सरकार ने मजदूरों की मदद नहीं की, लेकिन देश के सबसे बड़े अरबपतियों का टैक्स माफ किया। उत्तराखंड की जनता का कितना टैक्स माफ किया सरकार बताए।
Advertisement
राहुल गांधी शनिवार को हरिद्वार में भगत सिंह चौक स्थित जवाहर लाल नेहरू नेशनल यूथ सेंटर में चुनावी वर्चुअल रैली में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में देश की जनता जब सड़कों पर थी तो भाजपा वाले छिप गए थे। मजदूरों के घर जाने के लिए ट्रेनों और बसों का संचालन बंद करवा दिया। उस वक्त कांग्रेस के लोग सड़कों पर उतरे और लोगों की मदद कर उन्हें घर पहुंचाया। अस्पतालों में जब ऑक्सीजन सिलिंडर की जरूरत होगी तो भाजपा और नरेंद्र मोदी फिर नहीं दिखेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार आएगी।
कांग्रेस के नारे ‘चारधाम-चार काम’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वादे नरेंद्र मोदी जैसे नहीं हैं। हम झूठा वादा नहीं करते। प्रदेश में सरकार बनने पर चार लाख युवाओं को रोजगार देंगे। प्रदेश में रसोई गैस सिलिंडर 500 रुपये से कम का मिलेगा। उत्तराखंड में न्याय योजना लागू करेंगे, जो कि ऐतिहासिक कदम होगा। पांच लाख परिवारों को 40 हजार रुपये सालाना बैंक खाते में दिया जाएगा। गरीबी को उत्तराखंड से हमेशा के लिए मिटा देंगे। स्वास्थ्य सेवाएं जनता के दरवाजे तक पहुंचाएंगे। जहां चार पहिए वाली एंबुलेंस नहीं जाएगी वहां मोटरसाइकिल एंबुलेंस लगवाएंगे। जहां मोटरसाइकिल नहीं जा सकती है वहां ड्रोन से दवाएं पहुंचाएंगे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, सह प्रभारी दीपिका पांडे, आचार्य प्रमोद कृष्णम आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
Advertisement
’जनता के साथ मिलकर बदलेंगे उत्तराखंड’
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए प्रदेश की जनता से पार्टनरशिप मांगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसानों, युवाओं और व्यापारियों का साथ चाहिए। उनके साथ मिलकर उत्तराखंड में काम करना चाहते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड को वो मुख्यमंत्री चाहिए जो जनता के बीच का हो। आंधी-तूफान और बारिश में उनके बीच जाकर काम कर सके। जनता से बात कर सके। गले लगकर पूछे क्या परेशानी है। वैसा ही काम करे, जैसा कि जनता चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड की जनता की बात सुनकर काम करना चाहती है और यही संदेश देना चाहती है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार जनता की सरकार होगी। कांग्रेस के दरवाजे हमेशा जनता के लिए खुले होंगे। कुंभ मेले में जो कोविड जांच घोटाला देखा, झूठे वादे सुने वो कांग्रेस नहीं करेगी। कांग्रेस के मुख्यमंत्री और मंत्रियों के दरवाजे जनता के लिए कभी बंद नहीं मिलेंगे। सबके साथ मिलकर उत्तराखंड को बदलने का काम करेंगे।
देश के रीढ़ की हड्डी हैं किसान
राहुल गांधी ने कहा कि किसान देश की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तीन काले कानून के विरोध में हिंदुस्तान का किसान एक साल तक सड़कों पर खड़ा रहा। मोदी सरकार काले कानून से किसानों की आमदनी, मेहनत, शक्ति छीनकर दो-तीन अरबपतियों को देना चाहती थी। किसान न डरे और न पीछे हटे। अंत में नरेंद्र मोदी सरकार को पीछे हटना पड़ा। सबने देखा।
कार्यकर्ताओं के लिए खुले रहेंगे दरवाजे
राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं में जोश भी भरा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अच्छी तरह सुन लो, प्रदेश में कांग्रेस की सरकार तो जनता बनाएगी, लेकिन खून पसीना कार्यकर्ताओं का होगा। सत्ता में आने पर जो भी सीएम बनेगा, कार्यकर्ताओं के लिए दरवाजे खुले रहेंगे। नहीं खुलेंगे तो फिर मैं देखूंगा।
कांग्रेस को नहीं चाहिए दो हिंदुस्तान
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने दो हिंदुस्तान बना दिए हैं। एक अमीरों और दूसरा गरीबों का हिंदुस्तान। उन्होंने कहा कांग्रेस को दो हिंदुस्तान नहीं चाहिए और न ही बनने देंगे। राहुल गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान में कांग्रेस सरकारों ने जो वादे किए, उनको पूरा किया। किसानों का कर्ज माफ किया। छत्तीसगढ़ में धान का 2500 रेट दिया।
Advertisement
Author Image

Shera Rajput

View all posts

Advertisement
×