MP News: शिवराज सिंह चौहान ने कहा- मध्य प्रदेश का देश के GDP में 550 अरब डॉलर का योगदान करने का लक्ष्य
देश की अर्थव्यवस्था में मध्य प्रदेश का योगदान 2026 तक 550 अरब डॉलर पर पहुंच जाएगा। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।
08:34 PM Nov 10, 2022 IST | Desk Team
देश की अर्थव्यवस्था में मध्य प्रदेश का योगदान 2026 तक 550 अरब डॉलर पर पहुंच जाएगा। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
Advertisement

चौहान ने कहा कि राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (एसजीडीपी) इस साल 19.67 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है और यह तेज गति से निवेश आकर्षित कर रहा है। चौहान ने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया है। यह तब हासिल होगा जब राज्य अपना हिस्सा देंगे। इसलिए हम 2026 तक देश की अर्थव्यवस्था में 550 अरब डॉलर का योगदान देंगे। हमने एक योजना बनायी है। इसे (लक्ष्य) पूरा करने के लिए और निवेश आकर्षित करना इस योजना का एक हिस्सा है।’’

Advertisement
मुख्यमंत्री ने उद्योग मंडल भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित ‘मध्य प्रदेश में निवेश के अवसर’ कार्यक्रम में निवेशकों से राज्य में निवेश के लिए आगे आने को कहा। यह आयोजन दो दिन के वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन से पहले किया गया है। वैश्विक निवेशक सम्मेलन अगले साल 11 जनवरी को इंदौर में आयोजित किया जाएगा।