नवजोत सिंह सिद्धू की AAP सरकार को खुली चुनौती, पूर्व CM चन्नी पर भी साधा निशाना
कांग्रेस के दिग्गज नेता और पंजाब के पूर्व पार्टी प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को एक बार फिर सूबे की आप सरकार को आड़े हाथों लेते हुए तीखा हमला बोला।
07:45 PM Apr 26, 2022 IST | Desk Team
कांग्रेस के दिग्गज नेता और पंजाब के पूर्व पार्टी प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को एक बार फिर सूबे की आप सरकार को आड़े हाथों लेते हुए तीखा हमला बोला। सिद्धू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा। सिद्धू ने कहा कि भू माफिया को राजनेता, नौकरशाह संरक्षण और सरकारी कर्मचारी मदद देते रहे हैं और पंजाब का यह सबसे बड़ा घोटाला है जो लाखों करोड़ों का है।
Advertisement
मान ने पंजाब की स्वायत्तता को सरेंडर कर दिया
सिद्धू ने एक बार फिर भगवंत मान सरकार को रिमोट वाली सरकार बताते हुए कहा कि नॉलेज शेयरिंग एग्रीमेंट के चक्कर में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब की स्वायत्तता को सरेंडर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार ने पंजाब के आंतरिक मामलों में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के असंवैधानिक दखल को वैधता दे दी है जिससे पंजाब के गौरव को ठेस पहुंची है।
पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी भी सिद्धू के निशाने पर
सिद्धू ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि यदि आम आदमी पार्टी की सरकार भू माफिया को खत्म करने के प्रति वाकई गंभीर है तो इस घोटाले में शामिल लोगों के नाम उजागर करे। उन्होंने कहा कि सिर्फ कोरी घोषणाओं से कुछ नहीं होने वाला। इस दौरान सिद्धू ने अपनी ही पार्टी के नेता और पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को भी नहीं बख्शा। सिद्धू ने बिना चन्नी का नाम लिए कहा कि उन्होंने भी भू माफिया को कुचलने के प्रयास किये लेकिन दुख की बात है कि उस समय के मुख्यमंत्री भी इसमें शामिल थे इसलिये काम सिरे नहीं चढ़ सका।
मान आए दिल्ली दौरे पर
ज्ञात हो कि इससे पहले पंजाब के सीएम भगवंत मान अपने दो दिवसीय दिल्ली यात्रा के दौरान दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यो का जायजा लेंगे। पंजाब के नए नवेले सीएम भगवंत मान के साथ पंजाब सरकार के स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री के अलावा मुख्य सचिव, स्वास्थ्य सचिव, शिक्षा सचिव व अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
Advertisement