राहुल के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने CM अमरिंदर को भेजा अपना इस्तीफा
नवजोत सिंह सिद्धू ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजा था। ट्वीट में उन्होंने बताया कि मैंने अपना इस्तीफा 10 जून को ही दे दिया था।
07:52 AM Jul 15, 2019 IST | Desk Team
पंजाब कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने अटकलों पर विराम लगाते हुए सोमवार को कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को अपना इस्तीफा भेज दिया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मैंने आज अपना इस्तीफा पंजाब के मुख्यमंत्री को भेज दिया है जो उनके आधिकारिक आवास पर पहुंच गया है।’ मुख्यमंत्री हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के लिए दिल्ली गए हुए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस मुद्दे पर कोई बयान नहीं दिया है।
Advertisement
गौरतलब है सिद्धू ने रविवार को पंजाब मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी थी। उनका लंबे समय से मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से मतभेद चल रहा था। नवजोत सिंह सिद्धू ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजा था। ट्वीट में उन्होंने बताया कि मैंने अपना इस्तीफा 10 जून को ही दे दिया था।
बता दें कि पंजाब कैबिनेट में फेरबदल में महत्वपूर्ण विभाग छिनने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने लगभग एक महीने बाद भी अपने नए मंत्रालय का कार्यभार नहीं संभाला था। मुख्यमंत्री अमरिंदर के साथ उनका गतिरोध लगातार जारी था। मुख्यमंत्री ने गत छह जून को सिद्धू से स्थानीय प्रशासन और पर्यटन तथा संस्कृति विभागों का प्रभार छीन लिया था और उन्हें बिजली तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का कार्यभार सौंपा था।
Advertisement