For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

NDA Group Meeting: NDA की बैठक में प्रस्ताव पास, 7 जून को सरकार बनाने का दावा पेश करेगा NDA

12:50 AM Jun 06, 2024 IST | Shivam Kumar Jha

NDA Group Meeting: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के बाद अब सरकार बनाने की कवायद शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने बुधवार को सहयोगी दलों के साथ बैठक कर सरकार गठन को लेकर चर्चा की। यह बैठक पीएम आवास में शाम 4 बजे हुई और एक घंटे चली इस बैठक में मोदी को NDA का नेता चुनते हुए एक प्रस्ताव पास किया गया। अब अगली बैठक 7 जून को सुबह 11 बजे बुलाई गई है, जिसमें NDA की संसदीय दल के नेता शामिल होंगे। 7 जून को पीएम मोदी को NDA के घटक दल का नेता चुना जाएगा। सूत्रों के हवाले से खबर है कि नरेंद्र मोदी 8 जून को प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

एनडीए के प्रस्ताव में क्या लिखा?
प्रस्ताव में कहा गया कि 2024 भारत के 140 करोड़ देशवासियों ने पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से देश को हर क्षेत्र में विकसित होते देखा है। बहुत लंबे अंतराल, लगभग 6 दशक के बाद भारत की जनता ने लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सशक्त नेतृत्व को चुना है। हम सभी को गर्व है कि 2024 का लोकसभा चुनाव एनडीए ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एकजुटता से लड़ा और जीता. हम सभी एनडीए के नेता नरेंद्र मोदी को सर्वसम्मति से अपना नेता चुनते हैं।

NDA की बैठक में शामिल हुए ये नेता
NDA की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जे.पी. नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह, चंद्रबाबू नायडू, नीतीश कुमार, एकनाथ शिंदे, एच.डी. कुमारस्वामी, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, पवन कल्याण शामिल रहे. इनके अलावा सुनील तटकरे, अनुप्रिया पटेल, जयंत चौधरी, प्रफुल्ल पटेल, प्रमोद बोरो, अतुल बोरा, इंद्र हंग सुब्बा, सुदेश महतो, राजीव रंजन सिंह और संजय झा भी शामिल हुए. बुधवार को प्रधानमंत्री के सरकारी आवास LKM पर NDA की बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक, NDA के सांसदों की 7 जून को बैठक होगी। इसके बाद शाम 5 से 7 बजे के बीच सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राष्ट्रपति के पास जाएंगे।

PM ने राष्ट्रपति को सौंपा इस्तीफा
राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा को सभी सहयोगी दलों के साथ वन-टू-वन बात करने और नई सरकार के स्वरूप पर चर्चा करने की जिम्मेदारी दी गई है। इस बीच पीएम मोदी के इस्तीफे और कैबिनेट को भंग करने की सिफारिश के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लोकसभा को भंग कर दिया।

Advertisement

आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को 240 सीटें मिली हैं। यह बहुमत के आंकड़े (272) से 32 सीटें कम हैं। हालांकि NDA ने 292 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। वहीं विपक्षी INDIA ब्लॉक ने 234 सीटों पर जीत हासिल की।

Advertisement
Author Image

Shivam Kumar Jha

View all posts

Advertisement
×