दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं ने लगायी हरकी पैड़ी पर श्रद्धा की डुबकी
मौनी अमावस्या स्नान के दूसरे दिन हरकी पैड़ी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पंडितों के अनुसार मंगलवार सुबह सवा ग्यारह बजे तक मौनी अमावस्या का लग्न था। इसके चलते सुबह के समय काफी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे।
05:23 PM Feb 01, 2022 IST | Ujjwal Jain
हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी): मौनी अमावस्या स्नान के दूसरे दिन हरकी पैड़ी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पंडितों के अनुसार मंगलवार सुबह सवा ग्यारह बजे तक मौनी अमावस्या का लग्न था। इसके चलते सुबह के समय काफी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे।
Advertisement
भारतीय प्राच विद्या सोसायटी कनखल के अध्यक्ष प्रतीक मिश्रपुरी ने बताया कि मौनी अमावस्या का योग सोमवार दोपहर सवा दो बजे से आरंभ होकर मंगलवार सवा ग्यारह बजे तक था। इसके चलते मौनी अमावस्या का स्नान भी दो दिन रहा। सोमवार की तुलना में मंगलवार को मौनी अमावस्या का स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ हरकी पैड़ी गंगा घाट पर अधिक देखी गयी। वहीं श्रद्धालु गंगा घाट पर श्राद्ध एवं पितृ तर्पण भी करते दिखे।
व्यापारियों के चेहरे खिले
मौनी अमावस्या के स्नान पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने लम्बे समय बाद बाजार का सन्नाटा भी खत्म किया। इससे व्यापारियों के चेहरे पर भी हल्की सी मुस्कान देखी गयी। व्यापारी भुवनेश पांडेय, प्रकाश, आशुतोष, अमन, संजीव गुप्ता ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते साल के पहले स्नान पर तो रोक लग गयी थी, लेकिन मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भीड़ से कुछ हद तक राहत मिली है।
बिना मास्क के घूमते रहे यात्री
वैसे तो मंगलवार को हरकी पैडी पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात दिखा। कुछ पुलिस कर्मी गंगा घाट से भिखारियों एवं चाय एवं अन्य खाद्य सामग्री बेचने वालों को खदेड़ते भी दिखे। लेकिन गंगा घाट यात्री बेरोक टोक बिना मास्क के घूमते दिखे। जिनको कोई नहीं रोकता दिखा।
Advertisement