Eknath Shinde Health Update: महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे की अचानक बिगड़ी तबीयत! डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
महाराष्ट्र के सियासी गलियारों से बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें ठाणे के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और किसी तरह की गंभीर चिंता की बात नहीं बताई गई है।
पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से एकनाथ शिंदे लगातार राजनीतिक कार्यक्रमों में व्यस्त थे। लगातार यात्राएं, बैठकों में शामिल होना और काम का अधिक दबाव उनकी सेहत पर भारी पड़ा। इसी वजह से उन्हें तेज बुखार और कमजोरी महसूस होने लगी। शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा का सत्र भी चल रहा था। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। शुरुआत में उन्होंने काम जारी रखने की कोशिश की, लेकिन जब परेशानी बढ़ गई तो उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज

अस्पताल में भर्ती होने के बाद एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। पार्टी नेताओं ने कहा है कि उनकी सेहत में सुधार है और उन्हें सिर्फ आराम और इलाज की जरूरत है। फिलहाल उनकी हालत पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है। बीते कुछ समय से एकनाथ शिंदे राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय थे।
बताया जा रहा है कि वह पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार रणनीति बनाने में लगे हुए थे। इसी दौरान चलाए गए 'ऑपरेशन टाइगर' अभियान के तहत उद्धव ठाकरे गुट के कई नेताओं ने शिंदे की शिवसेना का साथ दिया। इस अभियान के दौरान उन्हें कई बैठकों में शामिल होना पड़ा। साथ ही नई दिल्ली की कई यात्राएं भी करनी पड़ीं। लगातार व्यस्त रहने और पर्याप्त आराम न मिलने का असर उनकी सेहत पर पड़ा।
कार्यक्रम करना पड़ा स्थगित

एकनाथ शिंदे की तबीयत खराब होने का असर ठाणे में होने वाले एक बड़े राजनीतिक कार्यक्रम पर भी पड़ा। धुले की नेता शुभांगी पाटील को शाम 4 बजे आधिकारिक रूप से शिंदे की शिवसेना में शामिल होना था, लेकिन उनके अस्पताल में भर्ती होने की वजह से कार्यक्रम तय समय पर नहीं हो सका।
बाद में यह कार्यक्रम देर रात आयोजित किया गया। रात करीब 1:15 बजे कार्यक्रम पूरा हुआ। चूंकि एकनाथ शिंदे अस्पताल में थे, इसलिए उनकी जगह उनके बेटे और सांसद Shrikant Shinde ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शुभांगी पाटील को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
पहले MVA की उम्मीदवार रह चुकी हैं शुभांगी पाटील
शुभांगी पाटील पहले महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की उम्मीदवार के रूप में नासिक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ चुकी हैं। अब उनके शिवसेना में शामिल होने को राज्य की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
फिलहाल पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक एकनाथ शिंदे के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उम्मीद की जा रही है कि वह जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियां फिर से संभालेंगे।
Amit Kumar
View all postsamitkumark402@gmail.com
अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।
Join Channel