पुरी रेलवे स्टेशन के पास बड़ा हादसा टला! पटरी से उतरी MEMU पैसेंजर ट्रेन, सभी यात्री सुरक्षित
Puri Railway Station Train Derailment: ओडिशा के पुरी रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। तालचेर से पुरी आ रही MEMU पैसेंजर ट्रेन का इंजन अचानक पटरी से उतर गया। यह घटना स्टेशन से करीब 300 मीटर पहले प्लेटफॉर्म नंबर-3 के पास हुई। राहत की बात यह रही कि ट्रेन की गति काफी कम थी, इसलिए हादसा गंभीर रूप नहीं ले सका। फिलहाल किसी यात्री के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, MEMU पैसेंजर ट्रेन तालचेर से पुरी की ओर आ रही थी। जैसे ही ट्रेन पुरी रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, उसके इंजन के पहिए पटरी से उतर गए। घटना प्लेटफॉर्म नंबर-3 के पास हुई। ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण झटका ज्यादा नहीं लगा और सभी यात्री सुरक्षित रहे। घटना के बाद ट्रेन को उसी स्थान पर रोक दिया गया। यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल जरूर बना, लेकिन किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
रेलवे और RPF की टीमें मौके पर पहुंचीं
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। रेलवे कर्मचारियों ने प्रभावित हिस्से को सुरक्षित किया और ट्रेन के पटरी से उतरे इंजन को हटाने का काम शुरू किया। इसके साथ ही ट्रैक की भी जांच की गई, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं पटरी में कोई नुकसान तो नहीं हुआ है। रेलवे की टीमें जल्द से जल्द ट्रैक को नॉर्मल करने में जुटी रहीं।
इंजन के पटरी से उतरने की वजह से पुरी स्टेशन के आसपास कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित हुआ। लेकिन, शुरुआती जानकारी के अनुसार दूसरी ट्रेनों की आवाजाही पर इसका कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। रेलवे की ओर से स्थिति को जल्द सामान्य करने की कोशिश की गई। अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित ट्रैक पर जरूरी सावधानियां बरतीं। ट्रैक की स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन परिचालन को भी सुचारु करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
हादसे की वजह अभी साफ नहीं
MEMU ट्रेन का इंजन आखिर किस वजह से पटरी से उतरा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। रेलवे की जांच के बाद ही हादसे का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। तकनीकी खराबी, ट्रैक से जुड़ी समस्या या किसी अन्य वजह की संभावना की जांच की जा सकती है। फिलहाल सबसे बड़ी राहत यह है कि इस घटना में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। इससे पहले जुलाई में गुजरात के वलसाड जिले में भी एक पैसेंजर ट्रेन के पटरी से उतरने की घटना सामने आई थी।
उस हादसे में ट्रेन के DMC यानी ड्राइविंग मोटर कोच के आगे के चार पहिए पटरी से उतर गए थे। घटना के बाद यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए घबराहट देखी गई थी। इस हादसे का असर मुंबई-अहमदाबाद रेल मार्ग पर भी पड़ा था और कुछ समय के लिए रेल सेवाओं पर असर देखा गया था। लेकिन, उस घटना में भी किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने व जान जाने की खबर नहीं आई थी।
यह भी पढ़ें: ‘यह जापान नहीं, केरल है’, कासरगोड रेलवे स्टेशन की सफाई देख हैरान हुआ पंजाबी टूरिस्ट, देखें Video

Join Channel