20 बड़े जहाज सहित 50 से अधिक पोत शामिल करेगी पाकिस्तानी नेवी : नौसेना प्रमुख
पाकिस्तानी नौसेना खुद को दुनिया के समक्ष ताकतवर साबित करने के लिए महत्वाकांक्षी योजना के तहत 20 बड़े जहाज सहित 50 से अधिक पोत अपने बेड़े में शामिल करेगा।
07:42 PM Oct 07, 2020 IST | Desk Team
पाकिस्तानी नौसेना खुद को दुनिया के समक्ष ताकतवर साबित करने के लिए महत्वाकांक्षी योजना के तहत 20 बड़े जहाज सहित 50 से अधिक पोत अपने बेड़े में शामिल करेगा । पाक नौसेना के निवर्तमान प्रमुख ने बुधवार को यह कहा।
Advertisement
एडमिरल जफर महमूद अब्बासी ने अपने विदाई भाषण में कहा कि नौसेना अगले कुछ वर्षों में चार चीनी जहाजों और इतनी ही संख्या में तुर्की निर्मित मध्य श्रेणी के जहाज 2023 और 2025 के बीच शामिल करेगी।
उन्होंने कहा कि चीन के सहयोग से हैंगोर पनडुब्बी परियोजना पर योजना के मुताबिक काम आगे बढ़ रहा है और पाकिस्तान तथा चीन में चार-चार पनडुब्बी बन रही है।
सरकारी रेडियो पाकिस्तान ने अब्बासी के हवाले से कहा, ‘‘यह परियोजना हमें पनडुब्बी संचालित करने वाली नौसेना से पनडुब्बी बनाने वाली नौसेना में तब्दील कर देगी। ’’
रेडियो ने उनके हवाले से कहा कि 20 बड़े जहाजों सहित 50 से अधिक पोत वाला बेड़ा नौसेना की क्षमता को मजबूत बनाएगा।
अब्बासी ने पाक नौसेना की कमान औपचारिक रूप से नये नौसेना प्रमुख एडमिरल अमजद खान नियाजी को सौंप दी, जिन्होंने देश के 22 वें नौसेना प्रमुख के रूप में बुधवार को कार्यभार संभाला।
Advertisement