उत्तराखंड के 25 साल पूरे! देहरादून पहुंचे PM मोदी, दी करोड़ों की सौगात, जानें उनके संबोधन की 5 बड़ी बातें
PM Modi Dehradun Visit Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को देहरादून पहुंचे और उन्होंने ‘उत्तराखंड रजत जयंती उत्सव’ में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने एक विशेष स्मारक डाक टिकट भी जारी किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देहरादून में राज्य स्थापना के 25 साल पूरे होने का जश्न मनाना उनके लिए गर्व की बात है।
PM Modi Dehradun Visit Highlights: उत्तराखंड की प्रगति पर PM मोदी की नजर
पीएम मोदी ने कहा कि आज उत्तराखंड जिस ऊंचाई पर पहुंचा है, उसे देखकर हर उस व्यक्ति को खुशी महसूस होती होगी जिसने इस राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि राज्य की 25वीं वर्षगांठ पर उनका विश्वास और भी मजबूत हुआ है कि उत्तराखंड अब विकास और प्रगति के एक नए दौर में है।

PM Modi Dehradun Visit Highlights (credit-sm)
PM Modi Dehradun Visit Updates: आध्यात्मिक शक्ति और पर्यटन
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को भारत की आध्यात्मिक धरोहर बताया। उन्होंने गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, जागेश्वर और आदि कैलाश जैसे पवित्र स्थलों का जिक्र करते हुए कहा कि इन धामों की यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देती है। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड की आध्यात्मिक शक्ति इसे जल्द ही विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने में मदद कर सकती है।

PM Modi Dehradun Visit Highlights (credit-sm)
PM Modi News: पिछले 25 वर्षों में विकास
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब उत्तराखंड 25 साल पहले बना था, तब चुनौतियां बहुत थीं। संसाधन सीमित थे, बजट छोटा था और कई जरूरतें केंद्र सरकार की मदद से पूरी होती थीं। उन्होंने बताया कि तब राज्य का बजट 4,000 करोड़ रुपए था, जो अब बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया है।

उन्होंने विकास के कुछ प्रमुख आंकड़े भी साझा किए:
- बिजली उत्पादन चार गुना बढ़ा है।
- इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 10 गुना बढ़ गई है।
- मेडिकल कॉलेजों की संख्या एक से बढ़कर 10 हो गई है।
- सड़कों की लंबाई दोगुनी हो गई है।
- पहले लगभग 6 महीने में 4,000 यात्री हवाई जहाज से आते थे, अब एक दिन में 4,000 से ज्यादा यात्री हवाई जहाज से आते हैं।
नए विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
संबोधन से पहले पीएम मोदी ने 8,140 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 930 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और 7,210 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ। ये परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इस अवसर पर पीएम मोदी ने फसल बीमा योजना के तहत 28,000 से अधिक किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में 62 करोड़ रुपए की सहायता राशि भी जारी की।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर मनाया जाएगा रजत जयंती सप्ताह : सीएम धामी

Join Channel