देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।
Advertisement
Advertisement
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी जाति के बारे में की गई टिप्पणियों को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि विपक्षी दल के पास उन्हें गाली देने के अलावा कोई एजेंडा नहीं है। मोदी ने कहा कि लेकिन कांग्रेस का यह रवैया आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए 400 से अधिक सीट जीतने के संकल्प को और मजबूत करेगा।
Highlights
मोदी ने कहा कि दशकों तक देश पर शासन करने के बावजूद कांग्रेस ने इसकी समृद्ध विरासत को नजरअंदाज किया है जबकि दूसरी ओर, केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार देश के विकास और अपनी विरासत को संरक्षित करने पर बराबर ध्यान दे रही है। मोदी का यह बयान अयोध्या में भव्य राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के ठीक एक महीने बाद आया है। प्रधानमंत्री ने दक्षिण गुजरात के नवसारी में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आपने देखा कि कैसे कांग्रेस के लोग मोदी की जाति को गाली देते हैं। लेकिन, कांग्रेस के लोग यह भूल जाते हैं कि वे जितनी अधिक गालियां देंगे, आगामी चुनाव में लोकसभा की 400 से अधिक सीट जीतने का हमारा संकल्प उतना ही मजबूत होगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में ओडिशा में अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि मोदी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) परिवार में पैदा नहीं हुए हैं और वह सामान्य वर्ग से हैं। मोदी ने देश की सबसे पुरानी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास देश के लिए कोई एजेंडा नहीं है और उसका एकमात्र लक्ष्य उन्हें गाली देना है। उन्होंने भाजपा के अपने दम पर 370 लोकसभा सीट जीतने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘वे जितना अधिक कीचड़ उछालेंगे, उतने ही शानदार ढंग से 370 कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेंगे। मोदी को गाली देने के अलावा कांग्रेस के पास देश के भविष्य के लिए कोई दूसरा एजेंडा नहीं है।
मोदी ने इस महीने की शुरुआत में संसद में एक बयान में विश्वास जताया था कि आगामी लोकसभा चुनाव में कुल 543 में से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 400 से अधिक सीट मिलेंगी। और इसकी प्रमुख घटक भाजपा लोकसभा चुनाव में कम से कम 370 सीट जीतेगी।
प्रधानमंत्री ने नवसारी में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि जब कोई पार्टी भाई-भतीजावाद की चपेट में आ जाती है तो उसमें परिवार से ऊपर कोई नहीं होता। मोदी ने कहा, ‘‘जब भाई-भतीजावाद, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार राजनीति का लक्ष्य बन जाता है, तो देश की विरासत को संरक्षित करने पर ध्यान नहीं दिया जाता है।
मोदी ने इस समारोह में कई विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं और नवसारी में ‘पीएम मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल’ (पीएम मित्र) पार्क का शिलान्यास किया। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘ वे अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यथास्थिति बनाए रखना चाहते हैं। कांग्रेस भी इसी स्थिति का सामना कर रही है। वहीं, भाजपा ने देश के लिए अगले 25 साल की रूपरेखा प्रस्तुत की है और विकास का एजेंडा तय किया है। मोदी ने घोषणा की कि अगले 25 वर्षों में भाजपा गुजरात को एक विकसित राज्य और भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएगी। उन्होंने देश की समृद्ध विरासत को नजरअंदाज करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की और उस पर तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ जब भाई-भतीजावाद, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार ही राजनीति का एकमात्र लक्ष्य बन जाता है, तो विरासत का ध्यान नहीं रहता। दुर्भाग्य से, कांग्रेस ने दशकों तक (जब वह सत्ता में थी) देश के साथ अन्याय किया है।