W3Schools
Advertisement

नागपुर स्नातक चुनाव को लेकर BJP की तैयारी तेज, सोशल मीडिया और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर

09:51 PM Aug 15, 2026 IST | Sumant Chaudhary
नागपुर स्नातक चुनाव को लेकर bjp की तैयारी तेज  सोशल मीडिया और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर
Ravindra Chavan

नागपुर। नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से सरकार के विकास कार्यों और महत्वपूर्ण फैसलों को सोशल मीडिया के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ-साथ जनता से प्रत्यक्ष संवाद मजबूत करने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर जोर दिया।

Advertisement

नागपुर एयरपोर्ट के बैंक्वेट हॉल में नागपुर शहर, नागपुर ग्रामीण और वर्धा के प्रमुख पदाधिकारियों, नगरसेवकों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चव्हाण ने कहा कि नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव करीब चार महीने दूर है, इसलिए कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी तैयारियों में जुटना होगा। उन्होंने नागपुर और वर्धा जिलों के करीब 12 लाख शिक्षित स्नातक मतदाताओं में से कम से कम 50 हजार नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने का लक्ष्य रखा।

Advertisement

सोशल मीडिया अभियान पर जोर

रविंद्र चव्हाण ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के मंत्रियों द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों तथा विकास कार्यों की जानकारी जुटाकर सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने आकर्षक और तथ्यपरक पोस्ट एवं डिजाइन तैयार करने तथा सोशल मीडिया में बेहतर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनकी विशेषज्ञता का उपयोग करने के निर्देश दिए।

Advertisement

जनता से सीधा संवाद बढ़ाने पर जोर

प्रदेश अध्यक्ष ने नगरसेवकों, बूथ प्रमुखों, शक्ति केंद्र प्रमुखों और अन्य प्रमुख कार्यकर्ताओं से नागरिकों के साथ सीधा संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी के विचारों और सरकार के काम को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने के लिए संगठन के हर स्तर का सक्रिय रहना जरूरी है। चव्हाण ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता के सवालों का जवाब तथ्यों के आधार पर देना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र में बिजली, उद्योग, जीएसटी, सूखे की स्थिति और विभिन्न सरकारी योजनाओं में हुए बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। ‘वन नेशन, वन ग्रिड’ सहित सरकार की विभिन्न पहलों और उनके प्रभाव के बारे में भी जनता को जानकारी देने की बात कही।

उन्होंने तिरंगा रैली जैसे आयोजनों के उद्देश्य और राष्ट्रीय भावना को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में महाराष्ट्र की भूमिका और राज्य सरकार की विकास दिशा को जनता के सामने रखने पर भी जोर दिया।

पिछली हार के बाद भाजपा ने तेज की चुनावी तैयारी

नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के पिछले चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। इस बार पार्टी ने चुनाव से करीब चार महीने पहले ही संगठनात्मक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पूर्व विदर्भ के दौरे के दौरान रविंद्र चव्हाण ने दो दिनों में छह बैठकें कीं, जिनमें अंतिम बैठक नागपुर में आयोजित की गई। बैठक में राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर, भाजपा विधायक प्रवीण दटके, कृष्णा खोपडे, परिणय फुके और नागपुर शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
Author Image

Sumant Chaudhary

View all posts

Advertisement
Advertisement
×