President Election : NDA की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज गोवा पहुंचीं , BJP सांसदों से करेंगी मुलाकात
राष्ट्रपति पद के लिए होने जा रहे चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज गोवा पहुंचीं।
11:54 AM Jul 14, 2022 IST | Desk Team
राष्ट्रपति पद के लिए होने जा रहे चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज गोवा पहुंचीं।यहां वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उनके सहयोगी दलों के विधायकों तथा सांसदों से मुलाकात करेंगी और चुनाव में उनका समर्थन मांगेंगी।
केंद्रीय मंत्री और उत्तरी गोवा के सांसद श्रीपद नाइक, राज्यसभा सांसद विनय तेंदुलकर और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सदानंद शेत तानवाड़े ने दाबोलिम हवाई अड्डे पर मुर्मू की अगवानी की।मुर्मू पणजी स्थित एक होटल में सांसदों तथा विधायकों से मुलाकात करेंगी।
गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा और उसके सहयोगी दलों के 25 सदस्य हैं। नाइक और तेंदुलकर भी मुर्मू का समर्थन कर रहे हैं।विपक्षी दलों ने 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।मुर्मू, झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। अगर वह चुनाव जीत जाती हैं, तो राष्ट्रपति पद पर काबिज होने वाली वह पहली आदिवासी महिला होंगी।
Advertisement
Advertisement