'प्रोजेक्ट फ्रीडम' पर रोक, पाकिस्तान ने जताया ट्रंप का आभार
इस्लामाबाद/वाशिंगटन, 6 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' पर लगी रोक के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आभार जताया। अमेरिका-ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले पाकिस्तान ने इसे साहसिक कदम करार दिया।
एक्स प्लेटफॉर्म पर शरीफ ने अपनी बात रखी। शरीफ ने ट्रंप के “साहसी नेतृत्व और समय पर की गई घोषणा” की सराहना की और उम्मीद जताई कि ये रोक “इस संवेदनशील समय के दौरान इलाके में शांति, स्थिरता और सुलह की राह आसान करने में मदद करेगी।"
पाकिस्तानी पीएम ने कहा, “पाकिस्तान उन सभी कोशिशों का समर्थन करता है जो संवाद और कूटनीति के जरिए शांतिपूर्ण समाधान को बढ़ावा देते हैं।”
ये पोस्ट अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आई जिसमें उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान समेत अन्य देशों की गुजारिश पर वो प्रोजेक्ट फ्रीडम पर फिलहाल रोक लगा रहे हैं।
मंगलवार शाम सोशल पोस्ट में कहा कि यह फैसला पाकिस्तान और अन्य देशों के अनुरोध पर लिया गया है, साथ ही ईरान के साथ संभावित शांति समझौते की दिशा में हो रही प्रगति को ध्यान में रखते हुए किया गया है। ट्रंप ने आगे कहा कि “प्रोजेक्ट फ्रीडम” को “कुछ समय के लिए रोका जा रहा है, ताकि यह देखा जा सके कि क्या ईरान के साथ अंतिम समझौता पूरा किया जा सकता है।” हालांकि, अमेरिका द्वारा ईरानी बंदरगाहों पर लगाया गया दबाव और नाकाबंदी फिलहाल जारी रहेगी।
यह अभियान सोमवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे हुए वाणिज्यिक जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए शुरू किया गया था। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इसे मानवता के लिए जरूरी करार दिया था लेकिन मंगलवार रात इस पर रोक लगा दी गई।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया था कि ऑपरेशन में गाइडेड मिसाइल डेस्ट्रॉयर, 100 से ज्यादा हवाई और समुद्री विमान, ड्रोन और करीब 15 हजार सैनिक लगाए गए थे। कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर के मुताबिक 87 देशों के जहाज इस इलाके में फंसे हुए हैं और अमेरिका ने कई शिपिंग कंपनियों से संपर्क किया था ताकि आवाजाही शुरू कराई जा सके।
--आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Join Channel