W3Schools
For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

पुलवामा में बड़ा आतंकी प्लान फेल! डिफ्यूज किया गया IED, सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए रची गई थी साजिश

06:35 PM Apr 08, 2026 IST | Amit Kumar
पुलवामा में बड़ा आतंकी प्लान फेल  डिफ्यूज किया गया ied  सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए रची गई थी साजिश
Pulwama Terror Plot Foiled

Pulwama Terror Plot Foiled: दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों ने बड़ी सतर्कता दिखाते हुए एक खतरनाक आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) को समय रहते निष्क्रिय कर दिया। इस कार्रवाई से एक बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम हो गई, जिसे पुलवामा जैसे हमले को दोहराने के रूप में देखा जा रहा था।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, यह आईईडी जैनपोरा-चत्तरगाम सड़क के किनारे एक बाग के पास लगाया गया था। इसे सड़क से सटी कच्ची पट्टी में इस तरह छिपाया गया था कि आम लोगों या गुजरने वाले वाहनों को इसकी भनक तक न लगे। आतंकियों ने इसे एक डिब्बे में फिट कर बैग के अंदर रखा था, जिससे इसकी पहचान करना और भी मुश्किल हो गया था।

Advertisement

Pulwama Terror Plot Foiled: हमले की थी बड़ी साजिश

इस आईईडी में प्लास्टिक विस्फोटक, प्राइमर, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बैटरी और रिमोट कंट्रोल सिस्टम लगाया गया था। शुरुआती जांच के मुताबिक, इसका मकसद सुरक्षाबलों के काफिले को निशाना बनाना था। अगर यह विस्फोट होता, तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।

Advertisement

सुरक्षाबलों की त्वरित कार्रवाई

जैसे ही संदिग्ध वस्तु की जानकारी मिली, सुरक्षाबलों ने तुरंत इलाके को घेर लिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने सावधानीपूर्वक जांच के बाद आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इस पूरी प्रक्रिया में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा आतंकी हमला टल गया। यह साफ है कि आतंकियों का मकसद क्षेत्र में डर और अस्थिरता फैलाना था, जिसे सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया।

जांच और सर्च ऑपरेशन जारी

इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आईईडी लगाने में शामिल आतंकियों तथा उनके सहयोगियों की तलाश शुरू कर दी है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। आसपास के बागों और गांवों में भी तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं गर्मियों के पर्यटन सीजन से पहले माहौल खराब करने की कोशिश हो सकती हैं।

आतंकी संगठन ऐसे हमलों के जरिए यह दिखाना चाहते हैं कि कश्मीर में अभी भी उनका प्रभाव बना हुआ है। हाल के दिनों में आईईडी से जुड़ी घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए सुरक्षाबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है ताकि भविष्य में किसी भी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके।

यह भी पढ़ें: ‘PoK जल्द भारत में होगा शामिल’, AIIO प्रमुख Umer Ahmed Ilyasi के बयान से Pakistan की उड़ी नींद

Advertisement
Author Image

Amit Kumar

View all posts

अमित कुमार पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा वायरल खबरें लिखने में माहिर हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन व भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) से पोस्ट ग्रेजुएट का डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजश्री टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई की। इसके बाद वेबसाइट पर लिखने के साथ पत्रकारिता की शुरुआत की और बाद में इंडिया डेली न्यूज चैनल में बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। फिर इसके बाद न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर की पद पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।

Advertisement
Advertisement
×