W3Schools
For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्याकांड में सजा का ऐलान, 4 दोषियों को उम्रकैद-पांचवें को 3 साल की सजा

06:15 PM Nov 25, 2023 IST | Prateek Mishra
पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्याकांड में सजा का ऐलान  4 दोषियों को उम्रकैद पांचवें को 3 साल की सजा

टीवी पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की हत्या के मामले में सजा का ऐलान हो गया है। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने मामले में 4 दोषियों को उम्रकैद, जबकि 1 दोषी के 3 वर्ष की सजा सुनाई है। कोर्ट ने रवि कपूर, अमित शुक्ला, बलजीत मलिक और अजय कुमार को उम्रकैद, जबकि 5वें दोषी अजय सेठी को 3 साल साधारण कारावास की सजा सुनाई।

HIGHLIGHTS

  • कोर्ट ने दोषियों पर जुर्माना भी लगाया 
  • 30 सितंबर 2008 को सौम्या की गोली मारकर कर दी गई थी हत्या

कोर्ट ने कपूर, शुक्ला, मलिक और कुमार पर 1.25-1.25 लाख रुपये का जबकि सेठी पर 7.25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। कोर्ट ने कहा कि सेठी पहले ही 14 साल से अधिक समय जेल में गुजार चुका है। इसने कहा कि दोषियों पर लगाई गई कुल जुर्माना राशि पीड़िता के परिवार को दी जाएगी।

दोषियों को मृत्युदंड इसलिए नहीं

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रवींद्र कुमार पांडेय ने सजा सुनाते हुए कहा कि यह अपराध ‘दुर्लभतम’ मामलों की श्रेणी में नहीं आता है, इसलिए मौत की सजा का अनुरोध अस्वीकार किया जाता है। सुनवाई के दौरान पीड़िता की मां माधवी विश्वनाथन ने कोर्ट से कहा कि वह पिछले 15 साल से न्याय मिलने का इंतजार कर रही हैं। एक प्रमुख अंग्रेजी समाचार चैनल में पत्रकार के रूप में कार्यरत विश्वनाथन की 30 सितंबर, 2008 की देर रात दक्षिणी दिल्ली के नेल्सन मंडेला मार्ग पर उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह कार्य स्थल से घर लौट रही थीं। पुलिस ने दावा किया था कि हत्या का मकसद लूटपाट करना था।

कोर्ट ने 18 अक्टूबर को रवि कपूर, अमित शुक्ला, बलजीत मलिक और अजय कुमार को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के प्रावधानों के तहत दोषी करार दिया था। अजय सेठी को आईपीसी की धारा 411 (चोरी की संपत्ति बेईमानी से प्राप्त करने) तथा संगठित अपराध को बढ़ावा देने, जानबूझकर मदद करने और संगठित अपराध की आय प्राप्त करने की साजिश रचने के लिए मकोका के प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया गया था।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, कपूर ने लूटपाट करने के लिए 30 सितंबर, 2008 को दक्षिण दिल्ली के नेल्सन मंडेला मार्ग पर विश्वनाथन की कार का पीछा करते समय उन्हें गोली मार दी थी। कपूर के साथ शुक्ला, कुमार और मलिक भी थे। अभियोजन पक्ष ने कहा कि पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कार सेठी उर्फ चाचा से बरामद की थी।

 

 

देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।

Advertisement
Advertisement

 

 

Advertisement W3Schools
Author Image

Prateek Mishra

View all posts

Advertisement
×