पंजाबः ग्रुप सी और ग्रुप डी के 35 हजार अस्थायी कर्मचारी होंगे स्थायी, भगवंत मान सरकार ने लिया बड़ा फैसला
पंजाब मंत्रिमंडल की बैठक में भगवंत मान ने प्रदेश में ग्रुप सी और ग्रुप डी के 35 हजार अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई करने का बड़ा फैसला लिया है।
06:00 PM Mar 22, 2022 IST | Desk Team
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान फुल एक्शन में नजर आ रहे हैं। आज पंजाब मंत्रिमंडल की बैठक में भगवंत मान ने प्रदेश में ग्रुप सी और ग्रुप डी के 35 हजार अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई करने का बड़ा फैसला लिया है। सीएम भगवंत मान ने कहा कि इस संदर्भ में मुख्य सचिव को निर्देशित कर दिया गया है। साथ ही कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्सिंग के तहत होने वाली भर्तियों को भी बंद करने के निर्देश दे दिए गये हैं।
Advertisement
भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि अगले विधानसभा सत्र से पहले 35 हजार कर्मचारियों को स्थाई करने वाले इस कानून का मसौदा बनाकर तैयार किया जाए ताकि इसे विधानसभा में मंजूर करके लागू कर सकें। साथ ही भगवंत मान सरकार ने आज भ्रष्टाचार के खिलाफ भी फैसला लिया है. जिसके तहत सरकार की ओर से शहीद दिवस पर एक नंबर जारी किया जाएगा, जिसमें कोई भी व्यक्ति भ्रष्टाचार की जानकारी दे सकता है। वहीं सरकार की ओर से भगत सिंह के शहीदी दिवस पर सार्वजनिक अवकाश करवाने की घोषणा भी की गई है।
जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले सीएम भगवंत मान में पंजाब मंत्रिमंडल की पहली कैबिनेट बैठक में प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और पुलिस विभाग में नौजवानों को 25 हजार सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया था। जिसके संबंध में एक महीने के भीतर ऑफिशियल नोटिस भी जारी कर दिया जाएगा। इन 25 हजार में से 10 हजार पंजाब पुलिस और 15 हजार अन्य विभागों में नौकरियां निकाली जाएगी।
Advertisement