पंजाब चुनाव : पोस्टल बैलेट की गिनती में AAP सबसे आगे, अमृतसर सीट पर तीसरे स्थान पर है सिद्धू
राज्य की सबसे अहम सीट अमृतसर में कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू तीसरे स्थान पर चल रहे हैं जबकि आप उम्मीदवार पहले स्थान पर चल रहे हैं।
09:25 AM Mar 10, 2022 IST | Desk Team
पंजाब में विधानसभा की 117 सीटों के लिए वोटो की मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जा रही है। जिसमे आम आदमी पार्टी (आप ) 44, कांग्रेस 18, भाजपा 3 और अकाली दल 10 सीटों पर आगे चल रही है। वही राज्य की सबसे अहम सीट अमृतसर में कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू तीसरे स्थान पर चल रहे हैं जबकि आप उम्मीदवार पहले स्थान पर चल रहे हैं। पोस्टल बैलट के बाद ईवीएम की मतगणना की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 66 स्थानों पर बनाए गए मतगणना केन्द्रों पर करीब 7500 कर्मी और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 45 टुकड़ियां तैनात की गयी हैं।
Advertisement
सभी जिलों में लगाई गई है धारा 144
मतगणना के मद्देनजर सभी जिलों में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी गयी है और मतगणना केन्द्रों के बाहर लोगों के एकत्र होने पर पाबंदी है। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 फरवरी को हुआ था। राज्य में इस बार अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) एक प्रमुख दावेदार के रूप में उभरी है, जबकि कांग्रेस बहुकोणीय मुकाबले में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।
अन्य आकड़ें
चुनाव बाद हुए कई सर्वेक्षणों में ‘आप’ के अगली सरकार बनाने का अनुमान जताया गया है, जबकि कुछ ने त्रिशंकु विधानसभा का पूर्वानुमान लगाया है। इस बार, 93 महिलाओं और दो ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में हैं।
राज्य में इस बार 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले तीन विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार सबसे कम मतदान हुआ था।
Advertisement