बंगाल में भाजपा के बढते जनाधार से हैं ममता परेशान : महेंद्र नाथ पाण्डेय
ममता बैनर्जी को राम के नाम से नहीं बल्कि बंगाल में भाजपा के बढते जनाधार से परेशानी है और उनकी यह परेशानी पूरा देश देख रहा है।
12:11 PM Jun 03, 2019 IST | Desk Team
केंद्र की नवगठित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा है कि ममता बैनर्जी को राम के नाम से नहीं बल्कि बंगाल में भाजपा के बढते जनाधार से परेशानी है और उनकी यह परेशानी पूरा देश देख रहा है।
लोकसभा चुनाव के बाद यहां दतिया स्थित मां पीताम्बरा के दरवार में नमन करने आए कैबिनेट मंत्री ने दिल्ली से सीधे झांसी सर्किट हाउस पहुंचकर पत्रकारों से बातचीत में सोमवार को कहा‘‘ देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी ने युवाओं को रोजगार उन्मुख बनाने के लिए कौशल विकास योजना को चलाया था। अब सारी कार्य योजना जो चल रही हैं, उन पर समेकित प्लान बनाकर जल्द ही आपको जानकारी शेयर की जाएगी। स्किल डिवलपमेंट सरकार की उच्च प्राथमिकता पर है।
उद्यमशीलता को बढ़ने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।’’ पश्चिम बंगाल में जय श्रीराम के नारों पर ममता बैनर्जी के बयान के सवाल पर उन्होंने कहा कि ममता चाहे जो भी कहें। ममता बैनर्जी की परेशानियां पूरा देश देख रहा है। उन्हें राम नाम से परेशानी नहीं है। उन्हें तो बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के बढ़ते जनाधार से परेशानी है। उन्होंने यह भी बताया कि झांसी समेत बुन्देलखंड के लोगों को धन्यवाद भी देने आया हूं, जिन्होंने कानपुर क्षेत्र समेत अपने क्षेत्र की सभी सीटों पर विजय दिलाते हुए भाजपा के कंधे से कंधा मिलाकर देश में फिर से भाजपा की जीत का परचम लहराया है।
इस दौरान उनके साथ झांसी ललितपुर क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद अनुराग शर्मा, महापौर रामतीर्थ सिंघल और महानगर अध्यक्ष प्रदीप सरावगी समेत तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे। इससे पूर्व सुबह रेलवे स्टेशन पर कैबिनेट मंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया था।
दूसरी ओर कैबिनेट मंत्री की यात्रा के दौरान पार्टीगत कई विसंगतियां भी नजर आयीं। मंत्री के आगमन के करीब डेढ़ घंटे तक भाजपा के सभी विधायक नदारद रहे जबकि नवनिर्वाचित सांसद, जिनके लिए अटकलें लगाई जाती थी कि वह चुनाव के बाद ही बंगले के दरवाजे बंद कर दिल्ली भाग जाएंगे। वह स्टेशन पर पहुंचकर स्वागत करने के बाद लगातार उनके साथ नजर आए। बाद में बबीना विधायक राजीव पारीछा जरुर जा पहुंचे थे।
Advertisement
Advertisement

Join Channel