AAP विधायक ने सुखबीर बादल और SGPC पर साधा निशाना, लगाए गंभीर आरोप
पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक अमृतपाल सुखानंद ने शिरोमणि अकाली दल, सुखबीर सिंह बादल और एसजीपीसी पर तीखा हमला बोला। विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से शुरू की गई यात्रा का प्रेस नोट सुखबीर सिंह बादल के पीए द्वारा जारी किया गया, जबकि ऐसा प्रेस नोट श्री अकाल तख्त साहिब अथवा एसजीपीसी की ओर से जारी होना चाहिए था।
बादल परिवार SGPC को कर रहा नियंत्रित- सुखानंद
सुखानंद ने आरोप लगाया कि यह घटना साफ तौर पर दर्शाती है कि बादल परिवार एसजीपीसी को नियंत्रित करने का काम कर रहा है और श्री अकाल तख्त साहिब के मामलों में हस्तक्षेप कर रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थाओं के कार्यों में राजनीतिक दखल नहीं होना चाहिए और उनकी स्वतंत्रता एवं मर्यादा का सम्मान किया जाना चाहिए।
बेअदबी कानून पर प्रोपेगेंडा फैलाने का आरोप: सुखानंद
बेअदबी कानून को लेकर उठ रही आपत्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुखानंद ने कहा कि यह पूरा मुद्दा एक प्रोपेगेंडा के तहत उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हर उस अच्छे कदम के लिए तैयार है जिससे समाज और धार्मिक भावनाओं का सम्मान हो।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार श्री अकाल तख्त साहिब का पूरा सम्मान करती है। यदि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से कोई निर्देश या सुझाव दिया जाता है तो सरकार उस पर गंभीरता से विचार करेगी और आवश्यकता पड़ने पर आवश्यक बदलाव करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
सुखानंद ने कहा कि उनकी सरकार धार्मिक संस्थाओं के सम्मान और पंजाब के लोगों की भावनाओं के अनुरूप निर्णय लेने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Join Channel