W3Schools
Advertisement

पंजाब में 801 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, CM भगवंत मान ने सौंपे नियुक्ति पत्र

Bhagwant Mann Government Jobs: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में 801 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार में अब तक 71,777 युवाओं को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने अगले हफ्ते 600 और युवाओं को नौकरी देने की घोषणा की। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित बताया।
01:25 PM Nov 04, 2026 IST | Amit Kumar
Bhagwant Mann Government Jobs: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में 801 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार में अब तक 71,777 युवाओं को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने अगले हफ्ते 600 और युवाओं को नौकरी देने की घोषणा की। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित बताया।
पंजाब में 801 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी  cm भगवंत मान ने सौंपे नियुक्ति पत्र
Bhagwant Mann Government Jobs

Bhagwant Mann Government Jobs: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को मोहाली में 801 नए युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं और उनके परिवारों के लिए दिवाली का तोहफा बताया। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों के साथ ही उनकी सरकार के कार्यकाल में सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं की संख्या 71,777 हो गई है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार में सभी भर्तियां बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के केवल योग्यता के आधार पर की गई हैं। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि वह भर्ती में भ्रष्टाचार का एक भी मामला सामने लाकर दिखाए।

Advertisement

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की कि अगले हफ्ते 600 और युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) में भी करीब 600 पदों पर भर्ती के अवसर तैयार किए गए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य पंजाब के हर घर तक रोजगार और खुशहाली पहुंचाना है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी पूरी ईमानदारी और मेहनत से जनता की सेवा करें।

Advertisement

भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोपों पर विपक्ष को चुनौती

Bhagwant Mann Government Jobs
Bhagwant Mann Government Jobs

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास उनकी सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है। इसलिए उनके खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने विपक्षी नेताओं को चुनौती दी कि वे उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित करें या राजनीति छोड़ दें। उन्होंने अकाली दल और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों ने अपने स्वार्थ के लिए पंजाब को आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर किया।

Advertisement

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन दलों के नेता अब मिलकर उनकी सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति आज पंजाब के आम लोगों के लिए काम कर रहा है। विपक्ष के आरोपों का जवाब उनकी सरकार अपने काम और उपलब्धियों से देगी।

अकाली दल पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अकाली दल पर आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में खनन समेत कई बड़े कारोबार पर नेताओं का कब्जा था। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने अपने फायदे के लिए राज्य के संसाधनों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि अकाली दल के नेता कभी पंजाब में 25 साल तक राज करने की बात करते थे, लेकिन आज उनकी पार्टी में 25 भरोसेमंद नेता भी ढूंढना मुश्किल हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 801 युवाओं की नियुक्ति उनके परिवारों के लिए ऐतिहासिक और भावुक पल है। ये नियुक्ति पत्र केवल कागज नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के लिए उम्मीद, सम्मान और सुरक्षित भविष्य का प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि युवाओं का भविष्य उनकी योग्यता और मेहनत से तय हो, न कि पैसे या राजनीतिक सिफारिश से। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी खजाने का पैसा जनता का है और उसका इस्तेमाल लोगों की भलाई के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनता के पैसे को अपनी जिम्मेदारी मानती है।

युवाओं को UPSC की तैयारी करने की सलाह

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से UPSC की परीक्षा की तैयारी करने और IAS तथा IPS अधिकारी बनने का सपना देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और ऐसे संस्थान तैयार करने पर काम कर रही है, जहां गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चे भी देश के बड़े पदों तक पहुंच सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के युवाओं को केवल सीमित अवसरों तक नहीं रहना चाहिए। राज्य के बच्चे प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर और देश के भविष्य के नेता बन सकते हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब स्कूल शिक्षा के मामले में देश का नंबर एक राज्य बन गया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य ने इस मामले में केरल को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर बच्चे को अच्छी शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देना है। इसके लिए शिक्षा व्यवस्था में सुधार किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी बच्चे का भविष्य उसकी आर्थिक स्थिति के कारण प्रभावित न हो।

नहरों से खेतों तक पहुंच रहा पानी

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम किया है। अब उन खेतों तक भी नहर का पानी पहुंचाया जा रहा है, जहां कई दशकों से सिंचाई के लिए पानी की कमी थी। उन्होंने कहा कि मजबूत नहर व्यवस्था के जरिए अब करीब 18,000 क्यूसेक पानी खेतों तक पहुंच रहा है। यह पानी भाखड़ा नहर की क्षमता के बराबर बताया गया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे भूजल पर निर्भरता कम हुई है और कई इलाकों में भूजल स्तर में एक से पांच मीटर तक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पंजाब के जल संसाधनों को बचाने के लिए भी काम कर रही है।

खेलों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखने की कोशिश

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में खेलों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर सुविधाएं और आधुनिक खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों के जरिए युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना चाहती है, ताकि वे नशे और दूसरी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब को फिर से खुशहाल और विकसित राज्य बनाने का प्रयास जारी रहेगा।

Advertisement
Author Image

Amit Kumar

View all posts

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Advertisement
Advertisement
×