फिल्म 'सतलुज' और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगेंगे अकाली विधायक मनप्रीत अयाली
Punjab Assembly Monsoon Session : पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने राज्य सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने के संकेत दिए।
विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अयाली ने कहा कि हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'सतलुज', जो मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन और संघर्ष पर आधारित है, ने पंजाब के दर्दनाक दौर की कई घटनाओं को फिर से लोगों के सामने ला दिया है।
सरकार से मांगेंगे जवाब
उन्होंने कहा कि फिल्म में दिखाए गए घटनाक्रम और उस दौर में मारे गए निर्दोष एवं मासूम लोगों के मामले में वह सरकार से जवाब मांगेंगे। उन्होंने कहा कि उन परिवारों के साथ न्याय होना चाहिए जिन्होंने अपनों को खोया और वर्षों से इंसाफ का इंतजार कर रहे हैं। हाल के दिनों में फिल्म और जसवंत सिंह खालड़ा के मुद्दे को लेकर पंजाब में राजनीतिक बहस भी तेज हुई है।
जनता से जुड़े मुद्दे उठाएंगे
अयाली ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंच है और वह इस सत्र के दौरान जनता से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और अपराध की घटनाओं को लेकर लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस विषय पर विधानसभा में जवाब देना होगा और वह कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार से विस्तृत सवाल-जवाब करेंगे।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी केवल आलोचना करना नहीं, बल्कि जनता की आवाज को विधानसभा तक पहुंचाना भी है। इसी उद्देश्य से शिरोमणि अकाली दल पंजाब के लोगों से जुड़े सभी प्रमुख मुद्दों को इस सत्र में उठाएगा। सोमवार से शुरू हुआ पंजाब विधानसभा का मानसून सत्र कई अहम राजनीतिक और जनहित के मुद्दों को लेकर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें - Punjab News: पंजाब की मुख्यमंत्री सेहत योजना बनी नन्ही जान की ढाल, 3 लाख रुपये का इलाज हुआ फ्री

Join Channel