ग्लेशियर टूटने की घटना पर राहुल गांधी ने जताया दुख, बोले-बाढ़ पीड़ितों की मदद करे सरकार
उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने की घटना पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी पीड़ितों को तुरंत सहायता मुहैया कराये और कांग्रेस कार्यकर्ता भी राहत कार्य में हाथ बटाएँ।
03:32 PM Feb 07, 2021 IST | Desk Team
उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने की घटना पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी पीड़ितों को तुरंत सहायता मुहैया कराये और कांग्रेस कार्यकर्ता भी राहत कार्य में हाथ बटाएँ। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘चमोली में ग्लेशियर फटने से बाढ़ त्रासदी बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएँ उत्तराखंड की जनता के साथ हैं।’’
Advertisement
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार सभी पीड़ितों को तुरंत सहायता दे। कांग्रेस साथी भी राहत कार्य में हाथ बटाएँ।’’ गौरतलब है कि उत्तराखंड के चमोली जिले में ऋषि गंगा घाटी में रविवार को हिमखंड के टूटने से अलकनंदा और इसकी सहायक नदियों में अचानक विकराल बाढ़ आ गई।
राज्य के आपदा मोचन बल की डीआईजी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि ऋषिगंगा ऊर्जा परियोजना में काम करने वाले 150 से अधिक कामगार संभवत: इस प्राकृतिक आपदा से सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ऊर्जा परियोजना के प्रतिनिधियों ने मुझे बताया है कि परियोजना स्थल पर मौजूद रहे 150 कामगारों से उनका संपर्क नहीं हो पा रहा है।’’ बाढ़ से चमोली जिले के निचले इलाकों में खतरा देखते हुए राज्य आपदा प्रतिवादन बल और जिला प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है।
हिमखंड टूटने की घटना पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सचिव आपदा प्रबंधन और चमोली की जिलाधिकारी से पूरी जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री लगातार पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और सभी संबंधित जिलों को अलर्ट कर दिया गया है।
नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क से निकलने वाली ऋषिगंगा के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में टूटे हिमखंड से आई बाढ़ के कारण धौलगंगा घाटी और अलकनन्दा घाटी में नदी ने विकराल रूप धारण कर लिया है जिससे ऋषिगंगा और धौली गंगा के संगम पर स्थित रैणी गांव के समीप स्थित एक निजी कम्पनी की ऋषिगंगा बिजली परियोजना को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, धौली गंगा के किनारे बाढ़ के वेग के कारण जबरदस्त भूकटाव हो रहा है। चमोली के जिला प्रशासन की ओर से अलकनन्दा नदी के किनारे रह रहे लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
Advertisement