IPL मैचों को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने तैयारियों की समीक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
Raipur IPL Match Security Arrangements: राजधानी स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को आयोजित होने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम
कलेक्टर डॉ. सिंह ने इस आयोजन को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिए कि पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित हो और किसी भी प्रकार की ओवररेटिंग न होने पाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि स्टेडियम के सभी प्रवेश द्वारों पर वालेंटियर तैनात रहेंगे, ताकि दर्शकों को प्रवेश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही वाईफाई और इंटरनेट की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने, प्रशासन द्वारा निर्धारित एसओपी का सख्ती से पालन करने और आपदा प्रबंधन की पूर्व योजना तैयार रखने पर जोर दिया। आग से सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और उनके पूर्व परीक्षण के निर्देश भी दिए गए।
IPL मैचों के टिकट केवल ऑनलाइन मिलेंगे
इसके अलावा, स्टेडियम और उसके परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने और दर्शकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि इस बार आईपीएल मैचों के टिकट केवल ऑनलाइन माध्यम से ही उपलब्ध होंगे।
बैठक में निगम आयुक्त विश्वदीप, रायपुर ग्रामीण की प्रभारी एसपी मनीषा ठाकुर, एडीएम उमाशंकर बंदे, एएसपी विवेक शुक्ला, छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के सीईओ हरी गोंडापल्ली, बीसीसीआई के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Join Channel