W3Schools
For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

राजस्थान : किसानों के कर्ज को लेकर सतीश पुनिया ने राहुल गांधी से किया सवाल, लगाए कई आरोप

सतीश पूनिया ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि किसानों का पूरा कर्ज माफ करने के उनके वादे का क्या हुआ।

10:38 PM Dec 04, 2022 IST | Desk Team

सतीश पूनिया ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि किसानों का पूरा कर्ज माफ करने के उनके वादे का क्या हुआ।

राजस्थान   किसानों के कर्ज को लेकर सतीश पुनिया ने राहुल गांधी से किया सवाल  लगाए कई आरोप
राजस्थान में भाजपा इकाई के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि किसानों का पूरा कर्ज माफ करने के उनके वादे का क्या हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने 2018 में राजस्थान में आयोजित कई जनसभाओं में सब्जबाग दिखाया था कि कांग्रेस सत्ता में आती है तो राज्य के किसानों का पूरा कर्जा माफ करेंगे।’’ पूनिया ने आरोप लगाया, ‘‘किसानों का कर्जा तो माफ नहीं हुआ, लेकिन राजस्थान के किसानों का खेत साफ हो गया, राजस्थान के किसान की जेब साफ हो गई, हजारों किसानों की जमीनें नीलाम हो गईं, कई किसानों को आत्महत्या पर विवश होना पड़ा।’’ पूनिया ने कहा, ‘‘राहुल गांधी राजस्थान में 18 दिन रहेंगे, इस दौरान मैं प्रतिदिन वीडियो संदेश के माध्यम से राहुल गांधी से एक सवाल करूंगा।’’ उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी राजस्थान आए हैं तो क्या राज्य के किसानों के लिये कोई सौगात देंगे।
राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रविवार शाम को मध्य प्रदेश से राजस्थान के झालावाड़ में पहुंची। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर ने गांधी पर हमला करते हुए उन्हें ‘‘झूठ बोलने की फैक्ट्री करार दिया।’’ उन्होंने गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘राहुल जी आप पहले अपने पूर्व में किए गए वादे 10 तक गिनती गिनने से पूर्व किसानों की कर्ज माफी सहित अनेक किए गए वादों की जानकारी ले लेते, तब राजस्थान की पवित्र धरती पर भारत जोड़ो यात्रा के तहत प्रवेश करते।’’ राहटकर ने संवाददाताओं से बातचीत में प्रदेश की कांग्रेस नीत सरकार पर ‘जनविरोधी’ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार किसानों की झूठी हितैषी बनने का दिखावा करती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का किसान पिछले 4 वर्षों से कर्ज, खाद ,यूरिया की कमी, विद्युत आपूर्ति ना होना, अतिवृष्टि के मुआवजे ना मिलने, फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद ना होने से त्राहिमाम कर रहा है।
राहटकर ने आरोप लगाया कि अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार राज्य में भ्रष्टाचार, अपराध, महिलाओं, बच्चियों पर हो रहे दुराचार रोक पाने में पूर्णतया विफल साबित हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी नीत सरकार किसान हितैषी है, केंद्र ने 12 लाख मीट्रिक टन यूरिया राजस्थान के लिए आवंटित किया, जिसे राज्य सरकार ने समय पर नहीं उठाया। राहटकर ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के दौरान किसान हित में शुरू की गई योजनाएं बंद कर गहलोत नीत सरकार ने अपनी संवेदनहीनता का परिचय दिया है।
दूसरी ओर, राज्य के 200 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की जन आक्रोश यात्रा शुरू की गई। गुरुवार को जयपुर में पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राज्य स्तर पर यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कांग्रेस नीत सरकार के खिलाफ भाजपा ने सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ जन आक्रोश रथ यात्रा की शुरूआत की, जो राज्य के हर गांव, ढाणी, शहर-कस्बों तक पहुंचेगी। जयपुर के आमेर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को उसकी चौथी वर्षगांठ पर घेरने के लिए यात्रा निकाली जा रही है। गहलोत नीत सरकार के 17 दिसंबर को चार साल पूरे होने जा रहे हैं।
Advertisement
Advertisement
Author Image

Advertisement
Advertisement
×