9 साल के छात्र ने हाथ में पकड़ा जिंदा सांप! Viral Video देख दंग रह गए लोग, जानें पूरा मामला
Child Holding Snake Viral Video: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र के सेंट जेवियर स्कूल से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में करीब 9 साल का एक बच्चा अपने हाथ में एक सांप पकड़े हुए नजर आ रहा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि बच्चे के पास कोई सुरक्षा उपकरण भी नहीं है। वीडियो वायरल होने के बाद कई तरह के कमेंट्स सामने आने लगे हैं। कुछ लोगों ने दावा किया कि स्कूल में बच्चों को सांप पकड़ने की ट्रेनिंग दी जाती है, जबकि कई लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर सवाल खड़े किए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो वायरल होने के बाद बच्चे के पिता आरसी यादव ने पूरे मामले पर सफई दी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जो दावे किए जा रहे हैं, वे सही नहीं हैं। उनके अनुसार वीडियो को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है, जिससे लोगों के बीच गलत अफवाह फैल रही है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा टाइगर तीसरी क्लास में पढ़ता है। घटना वाले दिन वह अपने बेटे के साथ स्कूल से घर लौट रहे थे। उसी समय उनके मोहल्ले में सर्प मित्र सुरेश कुमार एक रेट स्नेक (चूहे खाने वाला सांप) का रेस्क्यू कर रहे थे। यह सांप जहरीला नहीं था और उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया था।
उत्सुकता में बच्चे ने कुछ देर के लिए पकड़ा सांप
बच्चे के पिता ने आगे बताया कि रेस्क्यू के दौरान टाइगर ने उत्सुकता में कुछ समय के लिए सांप को हाथ में पकड़ लिया। उसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने इसे स्कूल से जोड़कर अलग-अलग दावे करने शुरू कर दिए। उन्होंने कहा कि वीडियो देखकर बनाई जा रही बातें पूरी तरह गलत हैं।
आरसी यादव ने माना कि बच्चे को इस तरह सांप हाथ में नहीं लेना चाहिए था। उन्होंने कहा कि आगे से ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी और इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उनका कहना है कि वीडियो में सुनाई दे रही आवाज में बच्चे को "सर्प मित्र" कहा जा रहा है, जिससे लोगों को लगा कि यह स्कूल की गतिविधि है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर भ्रम के हालात पैदा हुए।
लोगों ने उठाए सुरक्षा से जुड़े सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लगातार कमेंट्स सामने आ रहे हैं। कई यूजर्स बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई, जबकि कुछ लोगों ने स्कूल प्रशासन से जवाब मांगा। हालांकि अब बच्चे के पिता ने स्पष्ट कर दिया है कि घटना स्कूल के अंदर किसी प्रशिक्षण का हिस्सा नहीं थी, बल्कि स्कूल से घर लौटते समय मोहल्ले में हुई थी।
आम लोगों के लिए यह पहचानना आसान नहीं होता कि कौन-सा सांप जहरीला है और कौन-सा नहीं। इसलिए किसी भी सांप को पकड़ने या छूने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। एक्सपर्ट के अनुसार बरसात के मौसम में सांप अधिक एक्टिव रहते हैं। अगर कहीं सांप दिखाई दे तो तुरंत ट्रेंड सर्प मित्र या वन विभाग की मदद लेनी चाहिए। खुद से उसे पकड़ने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान के किशोर सुधार गृह में खौफनाक वारदात, वार्डन पर टूट पड़े बाल कैदी! मौके पर मौत

Join Channel