Rajasthan के धौलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, पोखर में पलटी ईको कार, 4 लोगों की मौत
Dholpur Road Accident: राजस्थान के धौलपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। दरअसल, मनियां थाना क्षेत्र में फूलपुर गांव के पास सड़क पर जमा पानी के कारण एक ईको कार अनियंत्रित होकर पास की पोखर में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार चार लोगों की जान चली गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईको कार सड़क पर जमा पानी से होकर गुजर रही थी। इसी दौरान ड्राइवर का गाड़ी पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे मौजूद पोखर में पलट गई। कार के पोखर में गिरते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज और लोगों की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे बच्चों और महिलाओं को बाहर निकाला गया।
पुलिस को दी गई सूचना
इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मनियां पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए कुछ घायलों को आगे के इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाना शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सड़क पर जमा पानी के अलावा हादसे की कोई दूसरी वजह भी थी या नहीं। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी की जा रही है।
अस्पताल में 11 लोग पहुंचे
जिला अस्पताल के एक डॉक्टर के अनुसार, दुर्घटना के बाद कुल 11 लोगों को अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद इनमें से 4 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 4 अन्य घायलों का प्राथमिक इलाज करने के बाद उनकी हालत को देखते हुए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। डॉक्टर के अनुसार, हादसे में घायल 3 लोगों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज की जरूरत नहीं पड़ी।
उन्हें उपचार के बाद जाने दिया गया। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद फूलपुर गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके और अस्पताल के आसपास जुट गए। यात्रियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: रेड लाइट की जंप, फिर मचाया तांडव! जयपुर में THAR ने कार और ई-रिक्शे को मारी टक्कर, CCTV वीडियो आया सामने

Join Channel