पति ने हत्या कर संदूक में छिपाया पत्नी का शव! झुंझुनूं से सामने आई रूह कंपा देने वाली वारदात
Jhunjhunu Murder Case : राजस्थान के झुंझुनूं जिले स्थित सूरजगढ़ थाना इलाके से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। अगवाना खुर्द ग्राम पंचायत के फोगाटा का बास गांव में एक घर के भीतर रखे बड़े लोहे के संदूक से महिला का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया।
घटना की भनक लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका की शिनाख्त सिलोचना के रूप में हुई है। मायके पक्ष और परिजनों ने सिलोचना के पति कृष्ण पर हत्या का संगीन आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मामले पर पर्दा डालने की नीयत से बॉडी को संदूक में छिपा दिया था।
तीन दिन पुराना शव होने की आशंका
सूचना मिलने के बाद सूरजगढ़ थाना अधिकारी रामसिंह यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। क्राइम सीन का बारीकी से मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर कम्युनिटी हेल्थ सेंटर की मोर्चरी में रखवाया गया है।
शुरुआती पड़ताल में पुलिस का अनुमान है कि वारदात करीब तीन दिन पहले अंजाम दी गई थी। पुलिस की टीम घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य अहम सबूत जुटा रही है।
पति पर गंभीर आरोप
इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
थाना प्रभारी के मुताबिक, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। पति पर लगे आरोपों को केंद्र में रखकर परिजनों व पड़ोसियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें - 500 से ज्यादा लोग बीमार! राजस्थान में लंगर खाने के बाद अस्पताल में लगी मरीजों की भारी भीड़

Join Channel