जयपुर में ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की अंगूठियां चोरी, 500 मीटर पीछा कर पकड़ी गई युवती, पर्स से मिला मिर्च पाउडर
Jaipur News : जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में गुरुवार की सुबह एक ज्वेलरी शॉप में 20 लाख रुपये की अंगूठियों से भरा बॉक्स चोरी होने से हड़कंप मच गया. जिस तरह से चोरी हुई वह किसी फ़िल्मी सीन से कम नहीं था. बता दें, निवारू रोड स्थित भवानी ज्वैलर्स में ग्राहक बनकर आई एक युवती ने सोने की दो अंगूठियां पसंद करने के बाद सड़क पर दौड़ पड़ी. हालांकि, उसकी यह चालाकी ज्यादा देर नहीं चल सकी और दुकानदारों ने 500 मीटर तक पीछा कर उसे रंगे हाथों दबोच लिया.
ऑनलाइन पेमेंट के बहाने भटकाया ध्यान
दुकान के मालिक त्रिलोक चंद प्रजापत के मुताबिक, सुबह करीब पौने बारह बजे युवती दुकान में दाखिल हुई. उसने सोने की अंगूठियां दिखाने को कहा, जिस पर कारोबारी ने 25 सोने की अंगूठियों वाला बॉक्स उसके आगे रख दिया. युवती ने अंगूठियां पसंद करने का नाटक किया और अपने पिता से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराने का झांसा देकर वक्त बिताने लगी. मौका मिलते ही वह पूरा डिब्बा समेटकर बाहर भाग निकली.
मिर्च पाउडर और स्प्रे के साथ पकड़ी गई आरोपी
अचानक हुई इस भागदौड़ से हरकत में आए दुकानदार और स्टाफ ने तुरंत पीछा किया. करीब आधा किलोमीटर दौड़ने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया और डिब्बा सुरक्षित वापस ले लिया गया. पकड़े जाने के बाद युवती का अजीब रवैया देखने को मिला, उसने कहा कि 'मुझे जेल जाना है.'
पुलिस को सूचना देकर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पर्स से मिर्च पाउडर और केमिकल स्प्रे बरामद हुआ, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि वह पूरी तैयारी के साथ आई थी. फिलहाल झोटवाड़ा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सड़क पर हुई इस पूरी भागदौड़ का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है.
यह भी पढ़ें - Rajasthan के धौलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, पोखर में पलटी ईको कार, 4 लोगों की मौत

Join Channel