500 से ज्यादा लोग बीमार! राजस्थान में लंगर खाने के बाद अस्पताल में लगी मरीजों की भारी भीड़
Rajasthan Food Poisoning: राजस्थान के झालावाड़ जिले के भवानीमंडी में रविवार को फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया। दरअसल, नगर के मेला मैदान स्थित ईदगाह परिसर में आयोजित लंगर का भोजन करने के बाद 500 से अधिक लोगों की तबीयत अचानक खराब हो गई। एक साथ इतने लोगों के बीमार पड़ने से अस्पतालों में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत राहत और इलाज का काम शुरू किया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लंगर का खाना खाने के कुछ समय बाद लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द, कमजोरी और बेचैनी महसूस होने लगी। धीरे-धीरे मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती गई। लोग इलाज के लिए सरकारी उप जिला अस्पताल के अलावा तीन निजी अस्पतालों में भी पहुंचने लगे। शाम तक 500 से ज्यादा मरीज अस्पतालों में भर्ती या इलाज के लिए पहुंच चुके थे। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित लोगों की संख्या इससे अधिक भी हो सकती है।
अस्पतालों में बेड पड़े कम
अचानक बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने से सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों की व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ गया। हालात ऐसे हो गए कि अस्पतालों में बेड कम पड़ गए। कई मरीजों का इलाज जमीन पर लिटाकर किया गया। कुछ लोगों को स्ट्रेचर और टेबल पर रखकर उपचार देना पड़ा। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने लगातार मरीजों का इलाज किया ताकि किसी को परेशानी न हो।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल डिपार्टमेंट ने तुरंत एक्स्ट्रा डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई। अस्पतालों में एक्स्ट्रा बेड की व्यवस्था की गई। मरीजों के इलाज के लिए ग्लूकोज, ORS, इंजेक्शन और जरूरी दवाइयों का पर्याप्त इंतजाम किया गया। प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार अस्पतालों का दौरा करते रहे और इलाज की व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
जांच के लिए भेजे गए भोजन के सैंपल
घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने लंगर में परोसे गए भोजन के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अब रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि भोजन में क्या गड़बड़ी थी, जिसकी वजह से इतनी बड़ी संख्या में लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, फिलहाल ज़्यादत्तर मरीजों की हालत स्थिर है। सभी का इलाज जारी है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। गंभीर मरीजों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत बेहतर इलाज दिया जा सके।
CMHO ने दिए जरूरी निर्देश
CMHO डॉ. साजिद खान ने अस्पतालों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी मरीज के इलाज में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने गंभीर मरीजों की लगातार निगरानी करने और अस्पतालों में पर्याप्त मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने प्राइवेट अस्पतालों को भी पूरी मदद करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने साफ किया है कि सभी प्रभावित लोगों का प्राइवेट अस्पतालों में भी फ्री इलाज कराया जाएगा। किसी भी मरीज से इलाज के नाम पर पैसा नहीं लिया जाएगा। जिन लोगों से पहले इलाज के पैसे लिए गए थे, उन्हें भी राशि वापस कराई जा रही है ताकि किसी पर आर्थिक बोझ न पड़े।
पुलिस ने शिकायत दर्ज की, जांच जारी
इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। शहर में इस घटना के बाद चिंता का माहौल है। अब सभी की नजर लैब रिपोर्ट पर टिकी है।
जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लंगर के भोजन में किस वजह से फूड पॉइजनिंग हुई और इतने लोग एक साथ कैसे बीमार पड़े। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि सभी प्रभावित लोगों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
Amit Kumar
View all postsamitkumark402@gmail.com
अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Join Channel