राजस्थान के किशोर सुधार गृह में खौफनाक वारदात, वार्डन पर टूट पड़े बाल कैदी! मौके पर मौत
Rajasthan Juvenile Home Murder: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से बेहद ही चौंकाने वाला मामला समाने आया है। दरअसल, राजकीय संप्रेषण एवं किशोर गृह (बाल सुधार गृह) में बुधवार रात यहां बंद कुछ किशोरों पर वार्डन साहब राम डेलू की हत्या करने का आरोप लगा है। मिली जानकारी के अनुसार, एक विवाद के बाद किशोरों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर डंडों और अन्य वस्तुओं से कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतक साहब राम डेलू श्रीगंगानगर के अम्बे विहार इलाके के रहने वाले थे। वह इंडियन आर्मी से रिटायर होने के बाद किशोर गृह में वार्डन के रूप में अपनी सर्विस दे रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और जानने वालों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर दुख जताया है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बाल सुधार गृह में कुल 24 किशोर बंद थे। इनमें से कई बच्चों पर मादक पदार्थों से जुड़े मामलों (NDPS) समेत अन्य आपराधिक मामलों के आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद कुछ किशोरों ने मिलकर वार्डन पर हमला कर दिया। लेकिन, विवाद की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही SP समेत पुलिस और प्रशासन के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने वार्डन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
CCTV फुटेज से होगी सच्चाई सामने
बता दें, कि जांच टीम किशोर गृह में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज से यह सामने आएगा कि हमला कैसे हुआ, इसमें कितने किशोर शामिल थे और पूरी घटना किस क्रम में हुई। इसके साथ ही मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों से भी पूछताछ जारी है।
इस घटना के बाद बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि आखिर किशोरों के हाथ हमला करने के लिए इस्तेमाल की गई वस्तुएं कैसे पहुंचीं और सुरक्षा में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई। पुलिस घटनास्थल से मिले सभी सबूतों को जुटाकर हर पहलू की जांच कर रही है।
जांच पूरी होने के बाद होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हमला किस वजह से हुआ और इसमें किन-किन किशोरों की भूमिका थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Sachin Pilot Love Story: पहले परिवार ने नहीं मानी शादी, फिर तलाक ने खत्म कर दी खूबसूरत प्रेम कहानी

Join Channel