Rajasthan Police Constable Death: जैसलमेर में कॉन्स्टेबल ने नहर में कूदकर किया सुसाइड! घटना से पहले परिवार को भेजा था वीडियो, जांच में जुटी पुलिस
Rajasthan Police Constable Death: राजस्थान के जैसलमेर से एक पुलिस कांस्टेबल द्वारा नहर में कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। दरअसल मंगलवार सुबह मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में नहर से पुलिस कांस्टेबल अनिरुद्ध सिंह का शव बरामद किया गया। वह मूल रूप से बाड़मेर की इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले थे और वर्तमान में सिरोही जिले के आबूरोड थाने में तैनात थे। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिवार के मुताबिक, अनिरुद्ध सिंह ने मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक वीडियो बनाकर अपने परिजनों को भेजा था। वीडियो मिलने के बाद परिवार के लोगों ने उन्हें फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी लोकेशन पता करने की कोशिश की।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लोकेशन मोहनगढ़ की मिलने के बाद रिश्तेदार तुरंत वहां पहुंचे। नहर के पास अनिरुद्ध की कार खड़ी मिली। वहीं उनका मोबाइल फोन और जूते भी मिले। इसके बाद पुलिस की मदद से नहर में तलाश शुरू की गई और करीब आधे घंटे बाद उनका शव बरामद कर लिया गया।
वीडियो में लगाए आरोप
ससुराल और पत्नी से परेशान बाड़मेर निवासी पुलिस कॉन्स्टेबल ने सुसाइड से पहले वीडियो बनाया और नहर में कूदकर दी जान। https://t.co/C1fFCNqP8s
— Sikandar Shaikh (@sikandarshaikh2) October 7, 2026
परिजनों का कहना है कि अनिरुद्ध सिंह लंबे समय से पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे थे। उनके परिवार ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर परेशान करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, अनिरुद्ध ने अपने वीडियो में मौत का जिम्मेदार अपनी पत्नी और ससुराल वालों को बताया है. वीडियो में कॉन्स्टेबल कहते नजर आ रहे हैं- "ये सब मेरी मौत के जिम्मेदार हैं, इन्होंने मुझे इतना परेशान किया कि मुझे खुदखुशी करनी पड़ रही है। मेरे परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है. मेरे परिवार को कुछ मत कहना. मुझे कहा गया कि तू मर जा मैं इतने समय से इसलिए जिंदा हूं क्योंकि मेरे मां-बाप बुजुर्ग हैं." लेकिन , इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस वीडियो, परिवार की शिकायत और घटनास्थल से मिले सामान समेत सभी पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है।
अनिरुद्ध सिंह के फुफेरे भाई विक्रम सिंह ने बताया कि अनिरुद्ध की साल 2008 में पुलिस विभाग में भर्ती हुई थी। इसके बाद से उनकी पोस्टिंग सिरोही में रही। साल 2012 में उनकी शादी हुई थी। उनका 8 साल का एक बेटा भी है। परिवार का दावा है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। पिछले करीब पांच सालों से उनकी पत्नी मायके में रह रही थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इसी दौरान परिवार को परेशान करने और कानूनी कार्रवाई की धमकी दी जाती रही।
पुलिस ने शुरू की जांच
परिवार के मुताबिक, मंगलवार को अनिरुद्ध सिंह बाड़मेर से अपनी कार लेकर नेहड़ाई होते हुए मोहनगढ़ पहुंचे थे। इसके बाद वह नहर के पास गए। वहां से उन्होंने परिजनों को वीडियो भेजा। वीडियो देखने के बाद परिवार ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठा।
जैसलमेर SP अभिषेक शिवहरे ने बताया कि अनिरुद्ध सिंह आबूरोड थाने में तैनात थे और मोहनगढ़ में अपनी बुआ के घर आए हुए थे। मंगलवार को उनका शव नहर में मिला। पुलिस उनकी मौत के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद परिजनों ने मोहनगढ़ थाने में शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आएगी।

Join Channel