तेजस्वी का नीतीश कुमार पर तंज, बोले-CM केवल अपनी उम्र काट रहे हैं, मजबूर बीजेपी ढो रही है पालकी
तेजस्वी यादव ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर भी तंज कसा।
11:18 AM Apr 02, 2022 IST | Desk Team
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला। इसके साथ ही उन्होंने बिहार सरकार में सहयोगी पार्टी बीजेपी पर भी तंज कसा। तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी बस अपनी उम्र काट रहे है तथा कमजोर मजबूर बीजेपी उनकी पालकी ढो रही है।
Advertisement
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा कि बिहार में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। डबल इंजन सरकार के कारण हर क्षेत्र में ट्रबल ही ट्रबल है। मुख्यमंत्री जी बस अपनी उम्र काट रहे है तथा कमजोर मजबूर बीजेपी उनकी पालकी ढो रही है। बेगैरत लोगों को बताना चाहिए कि बिहारी युवाओं की 19 लाख नौकरियाँ कहाँ है?
वहीं शुक्रवार को बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर प्रचार पर निकलने के दौरान पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार में जब मुख्यमंत्री अपने घर में सुरक्षित नहीं है, तो अन्य लोगों की बात करना बेकार है। उन्होंने कहा कि अपराध की घटनाएं पूरे राज्य में हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में बिहार में प्रत्येक चार घंटे पर दुष्कर्म और पांच घंटे पर हत्या की घटना होती है।
इससे पहले आरजेडी नेता ने मुख्यमंत्री के शराब पीने वालों को लेकर दिए बयान पर भी निशाना साधा था। उन्होंने पूछा था कि क्या शराब पीने वाले भारतीय सैनिक भी हिंदुस्तानी नहीं हैं? तेजस्वी ने सीएम के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘शराब पीने वाला महाअयोग्य और महापापी है। शराब पीने वाला हिंदुस्तानी नहीं- श्री नीतीश कुमार। नीतीश जी के इस तर्क से तो शराब पीने वाले भारतीय सैनिक भी हिंदुस्तानी नहीं हुए। बिहार में खून की नदियां बहाने वाले दुर्दांत अपराधी एवं भ्रष्टाचारी महाअयोग्य और महापापी नहीं है लेकिन शराबी हैं।’
Advertisement