अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के छोटे भाई रॉबर्ट ट्रम्प का 71 वर्ष की उम्र में निधन
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के छोटे भाई रॉबर्ट ट्रम्प का यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। राष्ट्रपति ट्रंप सप्ताहांत पर न्यूजर्सी जाने से पहले गंभीर रूप से बीमार अपने से दो साल छोटे भाई से मिलने शुक्रवार को अस्पताल गए थे।
07:07 PM Aug 16, 2020 IST | Ujjwal Jain
न्यूयॉर्क :अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के छोटे भाई रॉबर्ट ट्रम्प का यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। राष्ट्रपति ट्रंप सप्ताहांत पर न्यूजर्सी जाने से पहले गंभीर रूप से बीमार अपने से दो साल छोटे भाई से मिलने शुक्रवार को अस्पताल गए थे।
Advertisement
डोनाल्ड ट्रम्प (74) ने शनिवार देर रात एक बयान में कहा, ‘‘मैं बहुत भारी मन के साथ आपको सूचित करता हूं कि मेरे भाई रॉबर्ट का आज रात निधन हो गया। वह केवल मेरे भाई ही नहीं, बल्कि मेरे सबसे अच्छे दोस्त भी थे।’’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ उनकी बहुत याद आएगी, लेकिन हम फिर मिलेंगे। उनकी यादें मेरे दिल में हमेशा ताजा रहेंगी। रॉबर्ट, मैं आपसे प्यार करता हूं। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे।’’
न्यूयार्क टाइम्स ने परिवार के एक करीबी मित्र के हवाले से बताया कि हाल ही में गिरने के बाद रॉबर्ट के मस्तिष्क से रक्त का रिसाव होने लगा था। पिछले महीने से उनका स्वास्थ्य खराब था। उन्हें मैनहट्टन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली।
इससे पहले दिन में, ट्रंप ने रॉबर्ट को एक कारोबारी और रियल एस्टेट डेवलपर बताया। ट्रंप ने कहा, ‘‘हमारे बीच लंबे समय तक बहुत अच्छा संबंध रहा, पहले दिन से, काफी समय पहले से। ’’ ट्रंप के अपने भाई की अंत्येष्टि में शामिल होने का कार्यकम है। हालांकि, इसकी योजनाओं पर कोई ब्योरा अभी उपलब्ध नहीं है।
इवांका ट्रंप ने शनिवार रात ट्वीट किया, ‘‘अंकल रॉबर्ट, हम आपसे प्यार करते हैं। आप हमारे दिलों में हैं और हमेशा रहेंगे।’’ रॉबर्ट, डोनाल्ड ट्रम्प के काफी निकट थे। उन्होंने उनके परिवार के बारे में अपनी एक रिश्तेदार की पुस्तक के प्रकाशन को रोकने के लिए ट्रम्प परिवार की ओर से मामला दर्ज कराया था।
रॉबर्ट, राष्ट्रपति ट्रंप के चार भाई-बहनों में वह सबसे छोटे थे। राबर्ट का अपनी पहली पत्नी से एक दशक से भी अधिक समय पहले तलाक हो गया था। उन्होंने मार्च 2020 में अपनी महिला मित्र एन मेरी पालन से शादी की थी।
Advertisement