रूस के हमले में अभी तक 14 बच्चों समेत यूक्रेन के 352 नागरिकों की मौत हुई : यूक्रेन का गृह मंत्रालय
यूक्रेन के गृह मंत्रालय ने बताया कि रूस के हमले में अभी तक 14 बच्चों समेत यूक्रेन के 352 नागरिकों की मौत हो चुकी है और 116 बच्चों समेत 1,684 लोग घायल हुए हैं।
09:22 AM Feb 28, 2022 IST | Desk Team
यूक्रेन के गृह मंत्रालय ने बताया कि रूस के हमले में अभी तक 14 बच्चों समेत यूक्रेन के 352 नागरिकों की मौत हो चुकी है और 116 बच्चों समेत 1,684 लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि यूक्रेन के सशस्त्र बलों के कितने जवान हताहत हुए हैं।
Advertisement
यूक्रेन के आम नागरिकों को कोई खतरा नहीं
रूस ने दावा किया है कि उसके बल केवल यूक्रेन के सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं और यूक्रेन के आम नागरिकों को कोई खतरा नहीं है। वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को केवल यह स्वीकार किया कि रूसी सैनिक हताहत हुए हैं, लेकिन उसने उनकी संख्या नहीं बताई।
यूक्रेन पर रूस के हमले के मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र की 193 सदस्यीय महासभा का “आपातकालीन विशेष सत्र” आहूत करने पर सुरक्षा परिषद में हुए मतदान में भारत ने भाग नहीं लिया। इससे दो दिन पहले यूक्रेन के खिलाफ रूसी हमले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के एक प्रस्ताव को रूस ने वीटो के जरिए बाधित कर दिया था।
महासभा के 1950 से अब तक ऐसे केवल 10 सत्र आहूत किये
विशेष सत्र आहूत करने पर मतदान के लिए 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद की बैठक (स्थानीय समयानुसार) रविवार दोपहर हुई। महासभा के 1950 से अब तक ऐसे केवल 10 सत्र आहूत किये गए हैं। भारत इस मतदान से दूर रहा, जबकि रूस ने इस प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया और परिषद के 11 सदस्यों ने इसके समर्थन में मतदान किया। सत्र आहूत करने के लिए मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्य- चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका अपनी वीटो शक्ति का इस्तेमाल नहीं कर सकते थे।
Advertisement