संजय जायसवाल ने कहा- उप चुनाव में सभी सीटों पर राजग की जीत तय
संजय जायसवाल ने प्रदेश में 5 विधानसभा एवं एक लोकसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की भारी जीत का दावा किया है।
01:12 PM Oct 11, 2019 IST | Desk Team
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने प्रदेश में 5 विधानसभा एवं एक लोकसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की भारी जीत का दावा किया है। श्री जायसवाल ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उप चुनाव में राजग की जीत सुनिश्चित है।
हर जगह जनता काफी उत्साहित है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने बिहार को एक नया लुक देने का न सिर्फ निर्णय लिया है, बल्कि उसे मूर्तरूप देना भी शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री ‘सबका साथ सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ देश के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सभी तबके के लोगों ने मन बना लिया है कि राजग की ही जीत सुनिश्चित कराना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया और कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव से दूर होकर राहुल गांधी विदेश दौरे पर निकल गए है। इससे साफ जाहिर है कि कांग्रेस को देश और आम जनता से कोई मतलब नही है। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी परिवारवाद से बाहर निकल ही नहीं सकती है। इसका ताजा उदाहरण किशनगंज में भी देखने को मिल रहा है। किशनगंज से बेटा सांसद है और कार्यकर्ताओं को दरकिनार करते हुए अपनी मां को पार्टी से टिकट दिलवा दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता इस बार परिवारवाद को सबक सिखाने के लिए कमर कस चुकी है।
डॉ.जायसवाल ने नेशनल रजिस्टर फॉर सिटीजन (एनआरसी) के मुद्दे पर स्पष्ट कहा कि इस मामले में विपक्ष भ्रम फैला रहा है। विपक्षी पार्टियों द्वारा राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए इस मुद्दे को साम्प्रदाय विशेष से जोड़कर अनर्गल प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस देश के सभी नागरिक भारतीय हैं, जो इस देश के नहीं हैं उन्हें तो जाना ही होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी देश के 130 करोड़ लोगों के विकास की बात करते हैं। केन्द्र सरकार की 60 नई योजनाओं का लाभ सभी को एक समान मिल रहा है।
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह किशनगंज चुनाव प्रभारी डॉ। राजेन्द, गुप्ता, विधान पार्षद राधा मोहन शर्मा, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ.दिलीप कुमार जयसवाल समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
Advertisement
Advertisement