For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

सतीश पूनिया ने किए श्रीनाथजी के दर्शन, बोले- 'भाजपा देश की जनता की पहली पसंद'

नाथद्वारा पहुंचे सतीश पूनिया, बोले- भाजपा सबसे बड़ी पार्टी

11:34 AM Feb 17, 2025 IST | IANS

नाथद्वारा पहुंचे सतीश पूनिया, बोले- भाजपा सबसे बड़ी पार्टी

सतीश पूनिया ने किए श्रीनाथजी के दर्शन  बोले   भाजपा देश की जनता की पहली पसंद

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सतीश पूनिया सोमवार सुबह नाथद्वारा पहुंचे, यहां उन्होंने प्रभु श्रीनाथजी के राजभोग झांकी के दर्शन किए। मंदिर परंपरानुसार कृष्ण भंडार के अधिकारी ने उपरना, रजाई ओढ़ाकर और श्रीनाथजी का प्रसाद भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद पूनिया ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि पूरी दुनिया में एक बड़ा व्यापक बदलाव दिखता है जिसमें राष्ट्रवाद का विचार किसी भी देश के लिए, किसी भी संस्कृति के लिए, किसी सीमा के लिए, एक स्वाभिमान का विचार होता है। भारत की जनता ने राष्ट्रवाद के विचार को अपनाया है। भाजपा इस विचारधारा को आगे बढ़ाती है। इसलिए कश्मीर से कन्याकुमारी और अटक से कटक तक पूरे देश और दुनिया के पटल पर भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हरियाणा, दिल्ली व महाराष्ट्र की जीत ये साबित करती है कि भाजपा देश की जनता की पहली पसंद बनी है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में गहलोत सरकार की कोई अपनी योजनाएं नहीं थी। केवल मतदाताओं को भ्रमित करने का काम अशोक गहलोत की सरकार ने किया। पूरे पांच साल अराजकता थी, कानून व्यवस्था बदहाल थी। वे केवल हमारी ही योजनाओं को कॉपी पेस्ट करते थे। उसमें भी सियासत के कारण योजनाओं का लाभ आम जनता को नही मिल पाया। गहलोत ने हमे ऐसी सरकार विरासत में दी जो दिवालिया थी। मुझे पूरा भरोसा है कि आने वाले प्रदेश के बजट में जनता को राहत मिलेगी और केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदेश की जनता को मिल पाएगा।

उन्होंने कहा कि फ्री की योजनाओं पर काफी बहस की जा सकती है। लेकिन पीएम मोदी की किसान सम्मान निधि योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत योजना देश की गरीब व वंचित जनता को राहत प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में लोकसभा, विधानसभा चुनाव के बाद अब नगर निगम चुनाव में भी भाजपा जीत दर्ज करेगी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दर्शनोपरांत स्थानीय चौपाटी पर सतीश पूनिया ने शीतल ठंडाई पी व अपने हाथों से कार्यकर्ताओं को भी पिलाई। दर्शन के बाद सतीश पूनिया का स्थानीय कार्यकर्ताओं ने न्यू कोटजे में स्वागत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, शहर अध्यक्ष प्रवीण जोशी, सीपी धींग, सुनील जोशी, पूर्व नगर अध्यक्ष प्रदीप काबरा, युवा मोर्चा अध्यक्ष कपिल उपाध्याय, तरुण सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
×