मोहाली में वरिष्ठ पत्रकार केजे सिंह और उनकी मां की हत्या
NULL
पत्रकारों पर हो रहे हमले थमने का नाम ही नहीं ले रहे। हाल के दिनों में कन्नड़ भाषा की पत्रकार गौरी लंकेश की बेंगलुरु में हत्या के बाद त्रिपुरा में शांतनु भौमिक की रिपोर्टिंग के दौरान अपहरण कर हत्या कर दी गई थी।
इसके बाद आज केजे सिंह की हत्या का मामला सामने आया है। पंजाब के मोहाली में वरिष्ठ पत्रकार केजे सिंह और उनकी मां गुरुचरन कौर की हत्या कर दी गई है। दोनों का शव उनके आवास मोहाली स्थित फेज-3, बी-2 से मिला है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सिंह का गला रेता गया है जबकि ऐसा संदेह है कि उनकी मां को गला घोटकर मार डाला गया। मोहाली के पुलिस उपाधीक्षक आलम विजय सिंह ने भी कहा कि दोनों की गर्दन पर जख्म है। प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब पुलिस ने इस संदिग्ध हत्या की जांच के लिए पुलिस महानिरीक्षक :अपराध: की अगुवाई में विशेष जांच दल बनाया है।
आपको बता दे कि केजे सिंह अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस के पूर्व समाचार संपादक थे। उनकी मां 92 वर्ष की थीं। पुलिस ने आशंका जताई है कि दोनों लोगों की हत्या की गई है। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। उनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक थी।
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पुलिस महानिदेशक सुरेश अरोड़ा को मामले में एसआईटी बनाने का निर्देश दिया था। पंजाब, हरियाणा और संघशासित प्रदेश चंडीगढ़ में मीडिया बिरादरी ने इस कथित हत्याओं की कड़ी निंदा की है और दोषियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग की है।