For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

श्रीराम के अयोध्या आगमन से प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों के अंत के युग का सूत्रपात हुआ : योगी

12:54 AM Mar 08, 2024 IST | Sagar Kapoor
श्रीराम के अयोध्या आगमन से प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों के अंत के युग का सूत्रपात हुआ   योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन से उत्तर प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों के अंत के युग का सूत्रपात हुआ है।
राज्य सरकार की एक प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री ने 'संकल्प की सिद्धि' कार्यक्रम में किसानों को मुफ्त बिजली मुहैया कराने के प्रावधान की तरफ इशारा करते हुए कहा, उत्तर प्रदेश में सब कुछ भगवान राम के नाम पर किया जा रहा है, इसलिए किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।” उन्होंने जोर देकर कहा, अयोध्या में रामलला के आगमन से उत्तर प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों के अंत के युग की शुरुआत हुई है।

सरकार किसानों के हितों का ख्याल रखने के लिए हमेशा तैयार
आदित्यनाथ ने कहा, “यह वही उत्तर प्रदेश है जहां 2017 से पहले किसान सुरक्षित नहीं थे। उनकी फसलें सुरक्षित नहीं थीं। बिजली नहीं थी। किसानों के प्रति सम्मान नहीं था। बीज, खाद और पानी की उपलब्धता नहीं थी। मगर आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसानों के हितों का ख्याल रखने के लिए हमेशा तैयार है। मुख्यमंत्री ने राज्य भर से आए किसानों और किसान संघ के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि आज डबल इंजन की सरकार बिजली बिल माफी के इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे उपजाऊ भूमि और सर्वोत्तम जल संसाधनों से संपन्न उत्तर प्रदेश देश का हृदय स्थल है। किसानों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश खाद्यान्न उत्पादन में देश में नंबर एक पर है। आदित्यनाथ ने राज्य की पूर्ववर्ती सरकारों पर किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा “यह सब पहले भी था, हमारे पास क्षमता थी, लेकिन पिछली सरकारों में किसानों की उपेक्षा की गई। किसान कभी भी सरकार के एजेंडे का हिस्सा नहीं थे। हालाँकि, राज्य में डबल इंजन सरकार के आने के बाद शुरू की गई पहल के परिणाम हमारे सामने हैं।

Advertisement
Advertisement
Author Image

Sagar Kapoor

View all posts

Advertisement
×