पाकिस्तान में एक बार फिर लापता हुई सिख लड़की, धर्म परिवर्तन के बाद कराई शादी
‘अज्ञात अपहर्ता’ के खिलाफ पाकिस्तान की दंड संहिता की धारा 365 बी के तहत अगवा करने (शादी करने के लिए अपहरण समेत) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
03:52 PM Sep 20, 2020 IST | Desk Team
पाकिस्तान से अक्सर गैर-मुस्लिम लड़कियों के अपहरण के मामले सामने आते रहते हैं। हालिया मामला पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से 22 वर्षीय सिख लड़की के लापता होने का है। वहीं पुलिस के मुताबिक लड़की ने धर्म परिवर्तन के बाद एक स्थानीय मुस्लिम लड़के के साथ शादी कर ली है। पुलिस ने ‘अज्ञात अपहर्ता’ के खिलाफ एक मामला दर्ज कर लिया है।
Advertisement
जानकारी के मुताबिक, यह घटना हाल में अटक जिले के हसनअब्दाल शहर में हुई। इसी शहर में सिखों का पवित्र धर्मस्थल प्रसिद्ध गुरुद्वारा पंजा साहिब है। ‘डॉन’ अखबार के मुताबिक लड़की कचरा फेंकने के लिए अपने घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं आयी। उसके पिता हसनअब्दाल में एक दुकान चलाते हैं।
खबर में इस बात का जिक्र नहीं है कि यह घटना कब हुई। उप संभागीय पुलिस अधिकारी राजा फैयाज उल हसन के हवाले से बताया गया कि हसनअब्दाल पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर ‘अज्ञात अपहर्ता’ के खिलाफ पाकिस्तान की दंड संहिता की धारा 365 बी के तहत अगवा करने (शादी करने के लिए अपहरण समेत) के तहत एक मामला दर्ज किया है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस लापता लड़की की तलाश कर रही है। जिला पुलिस के प्रवक्ता ताहिर इकबाल ने कहा कि लड़की के पिता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के तुरंत बाद ‘‘अज्ञात अपहर्ता’’ के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया। उपसंभागीय पुलिस अधिकारी हसन ने बताया कि जिस दिन लड़की लापता हुई, उसके अगले दिन उसने अपने पिता को वाट्सऐप पर एक मैसेज भेजकर बताया कि उसने अपनी इच्छा से शादी की है और इस्लाम कबूल कर लिया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की कई टीमें लड़की की तलाश कर रही हैं ताकि उसे अदालत में पेश किया जाए और बयान दर्ज कराया जाए। पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार अमीर सिंह ने पुष्टि की है कि गुरुद्वारा पंजा साहिब के पास स्थित घर से लड़की लापता हो गई। अमीर सिंह ने कहा कि लड़की के पिता और चाचा ने धार्मिक मामलों के संघीय मंत्री नूरउल हक कादरी से शुक्रवार को मुलाकात की और लड़की के लापता होने के बारे में उन्हें अवगत कराया।
Advertisement