तो अब आपको कौन रोक रहा है...अरविंद केजरीवाल? सिद्धू ने 2015 के बेअदबी मामले में पूछा तीखा सवाल
नवजोत सिंह सिद्धू ने 2015 के बेअदबी मामले पर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए पूछा कि धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने से कौन रोक रहा है।
12:53 PM Mar 25, 2022 IST | Desk Team
पंजाब कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने 2015 के बेअदबी मामले पर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए पूछा कि राज्य में उनकी पार्टी की सरकार को धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने से कौन रोक रहा है। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रमुख सिद्धू ने पिछले साल का एक वीडियो क्लिप साझा किया जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि बेअदबी की घटनाओं के आरोपियों के खिलाफ 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की जा सकती है।
Advertisement
नवजोत सिद्धू ने साधा अरविंद केजरीवाल पर निशाना
सिद्धू ने ट्वीट किया, ”तो अब आपको कौन रोक रहा है…अरविंद केजरीवाल।” कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने भी एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछा, ‘‘अब आपको कौन रोक रहा है?’’ सिद्धू ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो क्लिप पोस्ट की है, जिसमें केजरीवाल को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि पंजाब के लोग 2015 में फरीदकोट में हुईं बेअदबी की घटनाओं पर निष्क्रियता से नाराज हैं।
केजरीवाल ने आरोपियों की गिरफ्तारी ना होने पर उठाये थे सवाल
केजरीवाल ने वीडियो क्लिप में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था, ”बेअदबी की घटनाओं के सरगनों को अब तक दंडित नहीं किया गया है। मुझे यह बताने की आवश्यकता नहीं है कि सरगने कौन हैं। कुंवर विजय प्रताप सिंह की रिपोर्ट में उनके नाम हैं, और (चरणजीत सिंह) चन्नी साहब उसे देख सकते हैं। दोषियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जा सकता है।”
2015 में शिअद और भाजपा की थी सरकार
पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह पंजाब के कोटकपूरा और बहबल कलां में 2015 में हुईं पुलिस गोलीबारी की घटनाओं की जांच करने वाले विशेष जांच दल का हिस्सा थे। वह पिछले साल आप में शामिल हुए और इस साल हुए चुनाव में अमृतसर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। फरीदकोट में 2015 में बेअदबी और उसके बाद पुलिस गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं। उस समय राज्य में शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी।
असंतुष्टों को बहुत ज्यादा भाव देने से दूसरे असंतुष्टों के हौसले बुलंद होंगे: सुनील जाखड़
Advertisement