CAA और NRC मुद्दे पर राहुल-प्रियंका गांधी को उनके प्रयासों के लिए विशेष धन्यवाद : प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने रविवार को ट्वीट कर कहा, ‘सीएए और एनआरसी को औपचारिक और सिरे से खारिज करने के लिए मैं कांग्रेस नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं।
06:48 AM Jan 12, 2020 IST | Desk Team
बिहार : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने रविवार को प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के पहलू को खारिज करने के लिए धन्यवाद दिया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं यह भी आश्वस्त करना चाहता हूं कि बिहार में सीएए और एनआरसी लागू नहीं होगा।
प्रशांत किशोर ने रविवार को ट्वीट कर कहा, ‘सीएए और एनआरसी को औपचारिक और सिरे से खारिज करने के लिए मैं कांग्रेस नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। इस मुद्दे पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को उनके प्रयासों के लिए विशेष धन्यवाद। इसके साथ ही मैं यह भी आश्वस्त करना चाहता हूं कि बिहार में सीएए-एनआरसी लागू नहीं होगा।’ प्रशांत किशोर ने अपने ट्वीट में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को टैग भी किया गया है।
दिसंबर के महीने में प्रशांत किशोर ने ट्वीट कर अपील की थी कि राहुल गांधी और कांग्रेस को इसके खिलाफ खुलकर आना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की थी कि जिन राज्यों में उनकी सरकार है, वहां इन कानूनों को लागू नहीं करने की अपील करनी चाहिए।
उनके इस ट्वीट के बाद कांग्रेस पार्टी ने सीएए-एनआरसी के खिलाफ में अपना मोर्चा बुलंद कर दिया। प्रियंका गांधी इंडिया गेट पर एक प्रदर्शन में शामिल हुईं। इसके साथ ही वे उत्तर प्रदेश में इस कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जेल गए लोगों से भी मीलीं। सीएए के दौरान हुए हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों से भी प्रियंका गांधी ने मुलाकात की थी।
Advertisement
Advertisement