INDvsSL: 174 पर ढेर श्रीलंका टीम इंडिया ने दिया फॉलो ऑन, बल्लेबाज़ी के बाद गेंदबाज़ी में भी जडेजा का कमाल
मैच के तीसरे दिन जडेजा की शानदार गेंदबाज़ी की बदौलत भारत ने मोहाली टेस्ट में श्रीलंका की पहली पारी 174 रन पर समेट दी।
12:39 PM Mar 06, 2022 IST | Desk Team
रवींद्र जडेजा की बदौलत टीम इंडिया मोहाली में चल रहे पहले टेस्ट पर कब्ज़ा करती दिख रही है। मैच के तीसरे दिन जडेजा की शानदार गेंदबाज़ी की बदौलत भारत ने मोहाली टेस्ट में श्रीलंका की पहली पारी 174 रन पर समेट दी। तीसरे दिन के खेल में लंच से पहले ही मेहमान टीम ने 66 रन में छह विकेट गंवा दिए। पाथुम निसंका नाबाद 61 रन के साथ श्रीलंकाई पारी के बेस्ट स्कोरर रहे।
Advertisement
भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 574 रन बनाकर घोषित की थी। इस लिहाज से श्रीलंका, भारत से 400 रन पीछे रही। भारत ने श्रीलंका को फॉलो ऑन दिया है। रवींद्र जडेजा ने बैटिंग के बाद बॉलिंग में भी कमाल किया और 41 रन देकर पांच बल्लेबाजों को चलता किया। बैटिंग में उन्होंने नाबाद 175 रन की पारी खेली थी। श्रीलंका अपनी पहली पारी में जडेजा के स्कोर से भी एक रन पीछे रह गया।
श्रीलंका ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत चार विकेट पर 108 रन के साथ की थी। लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उसके बाकी बचे बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। पाथुम निसंका और चरित असालंका ने पांचवें विकेट के लिए 58 रन जोड़े। दोनों स्कोर को 161 रन तक ले गए। लेकिन असालंका के जसप्रीत बुमराह का शिकार बनते ही श्रीलंकाई पारी ढह गई। असालंका ने 64 गेंद में पांच चौकों की मदद से 29 रन बनाए। फिर बाकी के पांच विकेट केवल 13 रन में ही ढेर हो गए। वहीं लंच ब्रेक तक श्री लंका ने दूसरी पारी में 10 रन और बना कर अपना एक विकेट भी खो दिया है।
Advertisement