'मां-मौसी से खुशी-खुशी बात की और 15 मिनट बाद मर गई' पायलट सृष्टि के चाचा ने उठाए सवाल
Pilot Srishti : सृष्टि के चाचा की शिकायत पर पवई पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में जिक्र है कि आरोपी आदित्य पहले कई बार सृष्टि तुली के साथ बुरा व्यवहार कर चुका था।
Pilot Srishti Death : एयर इंडिया की 25 वर्षीय महिला पायलट के सुसाइड मामले में नया खुलासा हुआ है। 25 वर्षीय सृष्टि तुली मुंबई स्थित अपने घर में मृत मिली थी। उसने मौत से 15 मिनट पहले मां और मौसी से बात की थी। सृष्टि की आत्महत्या से मौत की बात को परिवार ने खारिज किया है। परिवार ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है। उसका प्रेमी आदित्य पंडित उसे परेशान करता और छेड़छाड़ करता था।
महिला पायलट के चाचा का क्या आरोप
चाचा विवेक तुली का कहना है कि पुलिस कह रही कि सृष्टि ने आत्महत्या की है तो उसने ऐसा क्या किया, जिससे वह इस हद तक पहुंची? उसने खुशी-खुशी मां और मौसी से बात की थी। उसके 15 मिनट बाद वह मर गई। यह कैसे हो गया? अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने मां से क्या कहा? विवेक ने मुंबई में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आदित्य को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
आदित्य करना चाहता था पैसे की उगाही
परिजनों ने शिकायत में घटना को प्लान्ड मर्डर बताया है। उनके अनुसार आरोपी ने सृष्टि से पैसे उगाही की कोशिश की। पैसे नहीं मिलने पर सृष्टि की सरेआम बेइज्जती की।
नॉनवेज खाने पर कहा था भला-बुरा : विवेक
चाचा ने बताया है कि मार्च में आदित्य ने सृष्टि को सबके सामने अपमानित किया था। दोनों साथ में डिनर करने गए थे। सृष्टि ने नॉन वेज खाने की इच्छा जताई तो आदित्य न सिर्फ उसे भला-बुरा कहा, बल्कि सबके सामने वेज खाना खाने के लिए मजबूर किया था। इसका जिक्र सृष्टि ने अपनी दोस्त से भी किया था। उसने बताया था कैसे आदित्य ने उसके साथ गलत व्यवहार किया। फिर उसे सड़क पर अकेले छोड़कर चला गया था।