AI Ransomware Attack: इंसान से आगे निकला AI! पहली बार किया Cyber attack, इस Technology की ली मदद
साइबर अटैक से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, पहली बार एक AI एजेंट ने साइबर हमले के कई तकनीकी काम खुद पूरे किए। इस AI एजेंट का नाम JadePuffer बताया गया है। एक्सपर्ट का मानना है कि अगर फ्यूचर में AI ऐसे हमले पूरी तरह खुद करने लगे, तो साइबर अपराध पहले से ज्यादा खतरनाक और तेज हो सकते हैं। बता दें, कि इसके पीछे रैनसमवेयर AI टेक्नॉलजी की बात सामने आई है। रैनसमवेयर (AI Ransomware) एक तरह का खतरनाक मैलवेयर (Malware) है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह किसी कंप्यूटर, सर्वर या नेटवर्क में घुसकर वहां मौजूद फाइलों और डेटा को लॉक या एन्क्रिप्ट कर देता है। इसके बाद अटैकर डेटा वापस देने के बदले फिरौती मांगते हैं। अगर पैसे नहीं दिए जाते, तो डेटा हमेशा के लिए खो सकता है या इंटरनेट पर लीक किया जा सकता है। अब तक ऐसे हमलों में हर कदम इंसानी हैकर तय करते थे, लेकिन इस मामले में AI ने कई फैसले खुद लिए।
JadePuffer ने कैसे किया हमला?

क्लाउड सिक्योरिटी कंपनी Sysdig की रिसर्च के अनुसार, JadePuffer ने सबसे पहले सिस्टम की एक पुरानी सुरक्षा कमजोरी का फायदा उठाकर सर्वर में एंटर किया। अंदर पहुंचने के बाद उसने पूरे सिस्टम की जांच शुरू की। AI ने API Keys, पासवर्ड और दूसरी संवेदनशील जानकारियां खोजीं। इसके बाद उसने दूसरे सर्वर तक पहुंच बनाई और जरूरी डेटा को एन्क्रिप्ट कर दिया। इतना ही नहीं, उसने फिरौती मांगने वाला संदेश भी खुद तैयार कर लिया। यानी हमले के कई अहम स्टेप AI ने अपने स्तर पर पूरे किए।
रिसर्च के दौरान सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जब AI किसी स्टेप पर रुक गया, तो उसने किसी इंसानी मदद का इंतजार नहीं किया। उसने अपनी गलती को समझा और करीब 31 सेकेंड के अंदर नया तरीका अपनाकर हमला जारी रखा। यानी AI ने खुद फैसला लिया और बिना किसी नए निर्देश के आगे बढ़ गया। यही वजह है कि साइबर सुरक्षा एक्सपर्ट इस घटना को काफी गंभीर मान रहे हैं।
क्या AI ने अकेले पूरा किया अटैक ?

शुरुआत में कुछ रिपोर्टों में कहा गया था कि पूरा साइबर हमला AI ने बिना किसी इंसान की मदद के किया। हालांकि बाद में Sysdig के रिसर्च डायरेक्टर ने साफ किया कि ऐसा पूरी तरह सही नहीं है। उनके अनुसार, शुरुआत में एक इंसान ने टारगेट चुना, जरूरी सिस्टम तैयार किया और शुरुआती एक्सेस उपलब्ध कराया। इसके बाद हमले का बड़ा तकनीकी हिस्सा JadePuffer ने खुद संभाला। यानी AI ने इंसानी मदद के बिना कई अहम काम किए, लेकिन पूरा हमला अकेले नहीं किया।
अब तक बड़े साइबर हमले करने के लिए अनुभवी हैकरों की जरूरत पड़ती थी। लेकिन अगर AI खुद सिस्टम की कमजोरियां ढूंढने, पासवर्ड खोजने, डेटा लॉक करने और अपनी गलतियां सुधारने लगे, तो भविष्य में साइबर हमले बहुत तेजी से किए जा सकेंगे। इससे कम अनुभव वाले साइबर अपराधी भी बड़े स्तर पर हमले करने में सक्षम हो सकते हैं। यही कारण है कि एक्सपर्ट इसे साइबर अपराध की दुनिया में बड़ा बदलाव मान रहे हैं।
AI Hacking: आम लोगों पर क्या असर पड़ सकता है?

फिलहाल JadePuffer का यह मामला कंपनियों के सर्वर से जुड़ा है। अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है कि इस AI ने आम लोगों के मोबाइल या लैपटॉप को निशाना बनाया हो। फिर भी एक्सपर्ट का कहना है कि इस खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। अगर फूचर में ऐसे AI टूल और ज्यादा शक्तिशाली हो गए, तो बैंक, अस्पताल, सरकारी विभाग और बड़ी कंपनियां इनके निशाने पर आ सकती हैं। ऐसे संस्थानों पर हमला होने से आम लोगों की सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
साइबर सुरक्षा एक्सपर्ट का कहना है कि कंपनियों और संस्थानों को अपने सर्वर और सॉफ्टवेयर हमेशा अपडेट रखने चाहिए। पुराने सिक्योरिटी बग को तुरंत ठीक करना जरूरी है, क्योंकि JadePuffer ने भी इसी तरह की कमजोरी का फायदा उठाया था। इसके अलावा मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (MFA) का इस्तेमाल करना, जरूरी डेटा का नियमित बैकअप रखना और लगातार सुरक्षा निगरानी करना बेहद जरूरी है। कर्मचारियों को समय-समय पर साइबर सुरक्षा की ट्रेनिंग देना भी जरूरी माना जा रहा है।
AI के बढ़ते इस्तेमाल से नई चुनौती

AI आज कई क्षेत्रों में लोगों का काम आसान बना रहा है। लेकिन इसका गलत इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ रहा है। JadePuffer का मामला दिखाता है कि आने वाले समय में AI साइबर अपराधियों के लिए एक बड़ा हथियार बन सकता है। इसलिए सरकारों, कंपनियों और साइबर सुरक्षा एजेंसियों को पहले से ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। अगर समय रहते मजबूत सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो AI आधारित साइबर हमले दुनिया भर के डिजिटल सिस्टम के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Humanoid Robot Attack: क्या शुरू हो गया ‘रोबोट अटैक’? वायरल VIDEO देख हैरान हुए सब!
Amit Kumar
View all postsamitkumark402@gmail.com
अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Join Channel