For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

संजौली में नमाज को लेकर तनाव: अवैध घोषित मस्जिद में जुमे की नमाज पर बवाल

अवैध मस्जिद में नमाज पर संजौली में विवाद

03:57 AM May 23, 2025 IST | Aishwarya Raj

अवैध मस्जिद में नमाज पर संजौली में विवाद

संजौली में नमाज को लेकर तनाव  अवैध घोषित मस्जिद में जुमे की नमाज पर बवाल

शिमला के संजौली इलाके में शुक्रवार को विवादित मस्जिद में जुमे की नमाज को लेकर तनाव पैदा हो गया। देवभूमि संघर्ष समिति ने नमाज पर आपत्ति जताई और मस्जिद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने माहौल को नियंत्रित किया, लेकिन समिति ने प्रशासन पर पक्षपात के आरोप लगाए।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली इलाके में शुक्रवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब समुदाय विशेष के लोग एक विवादित मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने पहुंचे। यह मस्जिद पहले ही कोर्ट द्वारा अवैध करार दी जा चुकी है। देवभूमि संघर्ष समिति ने नमाज पर आपत्ति जताते हुए मस्जिद के बाहर विरोध दर्ज कराया, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति गरमा गई। दोपहर करीब एक बजे जब विशेष समुदाय के लोग नमाज के लिए मस्जिद में दाखिल हुए, तभी पहले से मौजूद संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभाला, लेकिन समिति ने प्रशासन पर पक्षपात के गंभीर आरोप लगाए।

“हिंदुओं को हनुमान चालीसा की इजाजत नहीं, नमाज को पुलिस सुरक्षा”

देवभूमि संघर्ष समिति के सह संयोजक विजय शर्मा और मदन ठाकुर ने शिमला प्रशासन पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जब हिंदू संगठनों ने यहां हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहा था, तब पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में रोक दिया था। लेकिन अब उसी जगह अवैध मस्जिद में जुमे की नमाज के लिए पुलिस ने न सिर्फ अनुमति दी बल्कि सुरक्षा भी मुहैया करवाई। मदन ठाकुर ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार के इशारे पर प्रशासन समुदाय विशेष को संरक्षण देने में लगा है। नगर निगम द्वारा अवैध घोषित मस्जिद से न बिजली कटी, न पानी। आखिर यह दोहरी नीति क्यों?”

कोर्ट के आदेशों की अनदेखी, मस्जिद तोड़ने की प्रक्रिया अधूरी

देवभूमि संघर्ष समिति ने यह भी सवाल उठाया कि नगर निगम आयुक्त ने 3 मई को इस मस्जिद को अवैध घोषित कर दिया था और तोड़ने के आदेश भी जारी किए गए थे, बावजूद इसके वहां बिजली-पानी की आपूर्ति आज भी चालू है। समिति ने कहा कि जब कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दे दिए हैं, तो मस्जिद में धार्मिक गतिविधियों की अनुमति देना कानून का उल्लंघन है। संजौली चौक पर बड़ी संख्या में तैनात पुलिसकर्मी इस बात की गवाही देते हैं कि प्रशासन पूरी तरह इस गतिविधि को संरक्षण दे रहा है।

Shimla: हरियाणा में भाजपा को मिली जीत पर शिमला में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

शाम को होगी रणनीतिक बैठक

देवभूमि संघर्ष समिति ने ऐलान किया है कि आज शाम 4 बजे प्रदेश कार्यकारिणी की आपात बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। समिति ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन इस मसले पर तटस्थ नहीं रहता, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन की राह पर जा सकते हैं।फिलहाल संजौली चौक पर स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव बना हुआ है। पुलिस ने ऐहतियातन इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।

Advertisement
Advertisement
Author Image

Aishwarya Raj

View all posts

Advertisement
×