NIA को सौंपा जाएगा दविंदर सिंह का मामला
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जल्द ही जम्मू कश्मीर के निलंबित पुलिस उपाधीक्षक दविंदर सिंह का मामला अपने हाथ में लेगी। अधिकारियों ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी। सिंह को पिछले हफ्ते दक्षिण कश्मीर में दो आतंकवादियों के साथ पकड़ा गया था।
04:50 PM Jan 15, 2020 IST | Shera Rajput
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जल्द ही जम्मू कश्मीर के निलंबित पुलिस उपाधीक्षक दविंदर सिंह का मामला अपने हाथ में लेगी। अधिकारियों ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी। सिंह को पिछले हफ्ते दक्षिण कश्मीर में दो आतंकवादियों के साथ पकड़ा गया था।
Advertisement
अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी द्वारा मामले को हाथ में लिए जाने के पहले जम्मू और राष्ट्रीय राजधानी में जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। जम्मू कश्मीर में पत्थरबाजों और अलगाववादियों के बीच सांठगांठ को तोड़ने का श्रेय एनआईए को दिया जाता है।
सिंह और तीन अन्य से शुरुआती पूछताछ के दौरान केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में तैनात एनआईए के कुछ सदस्य मौजूद थे। तीन अन्य लोगों में प्रतिबंधित संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का स्वयंभू जिला कमांडर नावेद, उसका सहयोगी आतिफ अहमद और वकील इरफान अहमद मीर शामिल थे।
अधिकारियों ने जम्मू में कहा कि जांच एजेंसी द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद सभी रिकॉर्ड एनआईए को सौंप दिए जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि माना जाता है कि उन्होंने दोनों आतंकवादियों को चंडीगढ़ ले जाने और कुछ महीने तक उनके रहने की व्यवस्था के लिए 12 लाख रुपये लिए थे।
Advertisement