पटना में स्कूलों की टाइमिंग में हुआ बदलाव, जानें कब खुलेंगे और बंद होंगे विद्यालय
पटना में कड़ाके की ठंड और तापमान में गिरावट को देखते हुए बड़ा फैसला लिया गया है।
बिहार की राजधानी पटना में कड़ाके की ठंड और तापमान में गिरावट को देखते हुए बड़ा फैसला लिया गया है। पटना के डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने 1 जनवरी को पत्र जारी करते हुए कहा, 2 जनवरी 2025 से 6 जनवरी 2025 तक सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 9 बजे से पहले और शाम 4 बजे के बाद नहीं चलेंगे। इस समय भारत के कई हिस्सों में शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन को ध्यान में रखते हुए डीएम में स्कूलों के समय में बदलाव किया है।
पटना के सभी स्कूलों के समय में बदलाव
डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत यह आदेश जारी किया है। आदेश में साफ़ कहा गया है कि सुबह 9 बजे से पहले और शाम 4 बजे के बाद स्कूलों में पढ़ाई नहीं होगी। स्कूलों को अपना टाइम टेबल इस नए आदेश के हिसाब से बदलना होगा। मतलब सुबह 9 बजे के बाद ही स्कूल खुलेंगे और शाम 4 बजे बंद हो जाएंगे।
जाने कब तक के लिए जारी आदेश
यह आदेश सिर्फ कुछ दिनों के लिए ही लागू रहेगा। 2 जनवरी से 6 जनवरी 2025 तक ही यह नियम लागू रहेगा। इसके बाद स्कूल अपने सामान्य समय पर ही खुलेंगे। यह आदेश बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है ताकि ठंड से उन्हें कोई नुकसान न हो। डीएम ने सभी स्कूलों से इस आदेश का पालन करने को कहा है। जारी किये पत्र के अनुसार प्री बोर्ड या बोर्ड की परीक्षा के लिए संचालित किए जाने वाली विशेष कक्षाओं या परीक्षाओं का संचालन इससे मुक्त रहेगा।