दिल्ली में भी होगा घमासान, MCD के चुनाव की जल्द हो सकती है घोषणा, आप, कांग्रेस और भाजपा में युद्ध
दिल्ली में आगामी नगरपालिका चुनाव 250 वार्डों में होंगे। केंद्र सरकार ने मंगलवार को राज्य चुनाव आयोग की परिसीमन रिपोर्ट पर मुहर लगाते हुए एक अधिसूचना जारी की है।
01:09 PM Oct 19, 2022 IST | Desk Team
दिल्ली में आगामी नगरपालिका चुनाव 250 वार्डों में होंगे। केंद्र सरकार ने मंगलवार को राज्य चुनाव आयोग की परिसीमन रिपोर्ट पर मुहर लगाते हुए एक अधिसूचना जारी की है। अब दिल्ली में 272 के बजाय नगर निगम के 250 वार्ड होंगे। इसमें 42 वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित रखे गए हैं। परिसीमन का काम पूरा होते ही अब दिल्ली में जल्द चुनाव की घोषणा हो सकती है।
Advertisement
समिति ने सितंबर में परिसीमन पर अपनी रिपोर्ट सौंपी थी
देर रात प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जनसंख्या की दृष्टि से सबसे बड़ा वार्ड मयूर विहार फेज-1 होगा, जहां की कुल जनसंख्या 88 हजार 878 है। तीनों निगमों के एकीकरण के बाद दिल्ली के नगर निगम वार्ड के परिसीमन की घोषणा भी हो गयी थी। जून में केंद्र सरकार ने इसे लेकर एक कमेटी का गठन किया था। समिति ने सितंबर में परिसीमन पर अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। कुल 22 वार्डों में एक वार्ड घटाया गया है। परिसीमन विधानसभा के सीमा क्षेत्र को ध्यान में रखकर किया गया है, ताकि एक भी वार्ड किन्हीं दो विधानसभाओं का हिस्सा न हो।इसलिए जहां अधिक वार्ड थे वहां वार्डों की संख्या कम कर दी गई। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों की विधानसभा सीटें भी शामिल हैं।
परिसीमन का काम पूरा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक परिसीमन समिति ने करीब 800 पेज की रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपी है। दिल्ली में परिसीमन का काम कई चरणों में किया गया है, जिसके चलते इसमें काफी समय लगा है। परिसीमन के ड्राफ्ट को लेकर भी पार्टियों से सुझाव मांगे गए थे, जिसके बाद अब परिसीमन का काम पूरा हो गया है।
दिल्ली में नगर निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है। आम आदमी पार्टी समेत कांग्रेस ने भाजपा पर चुनाव टालने का आरोप लगाया था। वहीं, अब परिसीमन का काम पूरा होने के बाद अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिससे उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही चुनाव की तारीख का ऐलान किया जा सकता है।
Advertisement