'वे बहुत बहादुर हैं और रूस-युक्रेन युद्ध खत्म कराना चाहते हैं', पुतिन ने बांधे ट्रंप की तारीफो के पुल
Putin Praises Trump: एक-दूसरे के दुश्मन रूस और अमेरिका के रिश्ते अब सुधर रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जमकर तारीफ की है। पुतिन ने ट्रंप को साहसी व्यक्ति बताते हुए कहा कि वे बहुत बहादुर हैं और दो हत्या के प्रयासों से बच गए हैं। इसके साथ ही पुतिन ने यह भी भरोसा जताया कि ट्रंप वाकई यूक्रेन युद्ध को ईमानदारी से खत्म करना चाहते हैं।
मीडिया से बात करते हुए पुतिन ने ट्रंप की तारीफ की। उन्होंने कहा, "मैं डोनाल्ड ट्रंप का बहुत सम्मान करता हूं। उन्होंने बहुत लंबा सफर तय किया है... वे दो हत्या के प्रयासों से बच गए हैं... यह तय है कि वे बहुत बहादुर व्यक्ति हैं। वे अमेरिका में क्या कर रहे हैं... या अमेरिका के बाहर की बात करें तो उन्होंने मध्य पूर्व में क्या किया या यूक्रेन संकट की बात करें तो हम उनके प्रयासों को बहुत महत्व देते हैं।"
'ट्रंप के कारण रिश्ते अच्छ हो रहे हैं'
पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान को भी दोहराया कि यूक्रेन में युद्ध को सुलझाना शुरू में की गई उम्मीद से कहीं ज्यादा मुश्किल था। उन्होंने कहा, "यह सच है और इसकी उम्मीद थी... जब हम किसी चीज को बाहर से देखते हैं तो वह अलग दिखती है, लेकिन जब हम उसे अंदर से देखते हैं तो वह और भी अलग दिखती है... अगर हम इसे वास्तविक रूप से देखें तो जीवन हमेशा कठिन होता है।"
पुतिन ने ट्रंप से मुलाकात के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि मैं हम दोनों के बीच भविष्य में होने वाली मुलाकात के लिए तैयार हूं। उन्होंने कई बार ऐसी संभावना भी जताई थी। पुतिन ने कहा, "डोनाल्ड ट्रंप की बदौलत अमेरिका और रूस के बीच रिश्ते आगे बढ़ रहे हैं... हमारे बीच संभावित मुलाकात दोनों देशों की साझेदारी को नए स्तर पर ले जा सकती है।"
पहले चल रही थी अनबन
आपको बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप को लेकर रूसी राष्ट्रपति पुतिन की यह प्रतिक्रिया इसलिए भी खास हो जाती है क्योंकि पिछले कुछ समय से सुधरते रिश्तों में खटास आने लगी थी। पुतिन ने ईरान पर अमेरिकी हमले की निंदा की थी। वहीं, हाल ही में हेग में नाटो शिखर सम्मेलन में ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति को गुमराह बताया था। यहीं इस मंच पर ट्रंप ने माना था कि यूक्रेन संकट का समाधान करना उनके शुरुआती अनुमान से कहीं ज्यादा मुश्किल साबित हुआ है।
Also Read- आतंकियों का आका Pakistan अब खुद झेल रहा दर्द! आत्मघाती हमले में मारे गए 16 पाक सैनिक